उल्लास नवभारत साक्षरता कार्यक्रम के तहत जिले में साक्षरता पखवाड़ा का हुआ शुभारंभ

कलेक्टर जैन ने दिलाई उल्लास नवभारत साक्षरता की शपथ
नारायणपुर, 01 सितम्बर 2026// उल्लास नवभारत साक्षरता कार्यक्रम के अंतर्गत जिले में 01 से 15 सितम्बर 2026 तक साक्षरता पखवाड़ा आयोजित किया जा रहा है। कलेक्टर एवं अध्यक्ष जिला साक्षरता मिशन प्राधिकरण नम्रता जैन के निर्देशन में जिले में साक्षरता के प्रति जनजागरूकता एवं जनभागीदारी सुनिश्चित करते हुए जन-जन को साक्षर बनाने के उद्देश्य से पखवाड़े का शुभारंभ किया गया।
साक्षरता पखवाड़े का शुभारंभ आज जिला स्तरीय समय-सीमा की बैठक में कलेक्टर नम्रता जैन द्वारा जिले के समस्त विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को उल्लास शपथ दिलाकर किया गया। इस अवसर पर उन्होंने साक्षरता अभियान को जनभागीदारी से सफल बनाने तथा अधिक से अधिक लोगों को साक्षरता कार्यक्रम से जोड़ने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। पखवाड़े के दौरान जिले में प्रतिदिन विभिन्न जागरूकता एवं रचनात्मक गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा। इनमें स्कूल एवं महाविद्यालयों में उल्लास शपथ, नारा लेखन, घर-घर सर्वे के माध्यम से शिक्षार्थियों का पंजीयन, सम्मान समारोह, स्वयंसेवी शिक्षकों का सम्मान, मशाल रैली एवं उल्लास रैली सहित वाद-विवाद, गीत, नृत्य, चित्रकला एवं मेहंदी प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। साथ ही टीएलएम सामग्री का प्रदर्शन, कहानी वाचन, भाषण, संगोष्ठी, निबंध एवं पोस्टर प्रतियोगिता के माध्यम से साक्षरता के महत्व का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाएगा। साक्षरता कक्षाओं का संचालन एवं उनका अवलोकन भी किया जाएगा।
अंतर्राष्ट्रीय साक्षरता दिवस 08 सितम्बर 2026 के अवसर पर जिला स्तरीय मुख्य कार्यक्रम का आयोजन स्थानीय जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में कलेक्टर एवं अध्यक्ष जिला साक्षरता मिशन प्राधिकरण नम्रता जैन के संयोजन में किया जाएगा। कार्यक्रम में साहित्यकारों, पत्रकारों एवं साक्षरता अभियान से जुड़े व्यक्तियों की सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी। इस दौरान साक्षरता द्वीप, मानव श्रृंखला सहित विभिन्न जागरूकता गतिविधियां आयोजित की जाएंगी तथा मुख्य अतिथि द्वारा उपस्थितजनों को उल्लास शपथ दिलाई जाएगी। साक्षरता पखवाड़े का उद्देश्य जिले में निरक्षर व्यक्तियों को शिक्षा से जोड़ना, उनमें पढ़ने-लिखने की क्षमता विकसित करना तथा साक्षरता के प्रति समाज में जागरूकता एवं सामूहिक जिम्मेदारी की भावना को मजबूत करना है।

इन्हें भी पढ़े