समय-सीमा की बैठक में कलेक्टर ध्रुव ने निर्माण कार्यों में तेजी लाने दिए निर्देश

मुख्यमंत्री की घोषणाओं एवं बस्तर क्षेत्र प्राधिकरण के कार्यों की पोर्टल में अनिवार्य एंट्री के निर्देश
दंतेवाड़ा, 01 सितंबर 2026। कलेक्टर देवेश कुमार ध्रुव की अध्यक्षता में आज संयुक्त जिला कार्यालय के डंकनी सभाकक्ष में साप्ताहिक समय-सीमा की बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों के लंबित प्रकरणों, विकास कार्यों, मुख्यमंत्री की घोषणाओं के अनुरूप स्वीकृत एवं संचालित कार्यों तथा जनहित से जुड़े विषयों की विभागवार समीक्षा की गई। कलेक्टर ने सभी अधिकारियों को कार्यों में समयबद्धता, गुणवत्ता और प्रभावी मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ध्रुव ने मुख्यमंत्री की घोषणाओं के अनुरूप स्वीकृत एवं संचालित निर्माण कार्यों की पोर्टल में अनिवार्य एंट्री करने के निर्देश दिए। उन्होंने निर्माण विभाग के अभियंताओं को नियमित रूप से फील्ड में जाकर कार्यों का निरीक्षण करने तथा संबंधित ठेकेदारों की मौके पर उपस्थिति सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने बरसात का मौसम समाप्ति की ओर होने का उल्लेख करते हुए निर्माण कार्यों में तेजी लाकर शेष कार्य निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण कराने के निर्देश दिए। साथ ही बस्तर क्षेत्र प्राधिकरण के अंतर्गत स्वीकृत कार्यों की भी पोर्टल में अनिवार्य एंट्री करने को कहा।
कलेक्टर ने डिजिटल फसल सर्वेक्षण की प्रगति की समीक्षा करते हुए इसे प्राथमिकता से पूर्ण कराने के निर्देश दिए। उन्होंने तहसीलदार, नायब तहसीलदार एवं राजस्व अधिकारियों को सतत निगरानी रखने तथा सर्वेक्षणकर्ताओं द्वारा की जा रही प्रविष्टियों का सत्यापन सुनिश्चित करने को कहा। पटवारियों को प्रतिदिन सर्वेक्षण कार्य की निगरानी करने के निर्देश दिए, ताकि फसल संबंधी जानकारी सही एवं अद्यतन रूप से दर्ज हो सके।वन अधिकार पट्टा प्राप्त हितग्राहियों की भूमि संबंधी जानकारी एवं खसरा नंबर दर्ज कर आवश्यक जियो-टैगिंग कार्य पूर्ण कराने के निर्देश भी दिए गए।
वहीं बस्तर मुन्ने शिविर में प्राप्त आवेदनों की शत-प्रतिशत पोर्टल एंट्री, पात्रता परीक्षण एवं समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित करने को कहा गया। बैठक में पुनर्वासित हितग्राहियों की आजीविका एवं रोजगार की स्थिति की समीक्षा करते हुए प्रशिक्षण प्राप्त हितग्राहियों को उनकी योग्यता के अनुरूप रोजगार एवं स्वरोजगार से जोड़ने के निर्देश दिए गए। कलेक्टर ने बच्चों के मानसिक स्वास्थ्य को प्राथमिकता देते हुए जिले के सभी स्कूलों में मानसिक स्वास्थ्य शिविर आयोजित करने और आवश्यकता के अनुसार बच्चों को परामर्श एवं सहयोग उपलब्ध कराने को कहा।
इसके अलावा आंगनबाड़ी भवनों के निर्माण, न्यायालयीन प्रकरणों, कक्षा 1 से 5वीं तक के बच्चों के जाति, निवास एवं आय प्रमाण पत्र, प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना तथा मुख्यमंत्री जन शिकायत एवं ई-समाधान से प्राप्त आवेदनों की समीक्षा की गई। कलेक्टर ने सभी लंबित प्रकरणों का निर्धारित समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बैठक में डीएफओ रामकृष्ण रंगनाथा वाय, जिला पंचायत सीईओ एम. भार्गव, अपर कलेक्टर राजेश पात्रे सहित सभी विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

इन्हें भी पढ़े