कलेक्टर की अध्यक्षता में जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक आयोजित

सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम और यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने अधिकारियों को दिए आवश्यक निर्देश
नारायणपुर, 01 सितंबर 2026// कलेक्टर नम्रता जैन की अध्यक्षता में आज जिला कार्यालय के सभाकक्ष में जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में सड़क सुरक्षा से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों, सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम, राष्ट्रीय राजमार्गों के रख-रखाव, यातायात व्यवस्था एवं सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों के पालन की विभागवार समीक्षा की गई।
बैठक में माननीय सुप्रीम कोर्ट द्वारा फलोदी एवं रंगारेड्डी सड़क दुर्घटनाओं के संबंध में दिए गए निर्देशों पर जिले में की जा रही कार्रवाई की प्रगति की समीक्षा की गई। कलेक्टर ने संबंधित विभागों को सड़क सुरक्षा के लिए निर्धारित मापदण्डों का गंभीरता से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बैठक में राष्ट्रीय राजमार्ग एवं लोक निर्माण विभाग को हाईवे किनारे संचालित ऐसे ढाबों का सर्वेक्षण करने के निर्देश दिए गए, जो निर्धारित फैसिलिटी एरिया के लिए अधिसूचित नहीं हैं। साथ ही सड़क की स्थिति एवं रख-रखाव के दौरान ठेकेदारों द्वारा अपनाए जा रहे नियमों की जानकारी प्रस्तुत करने, जिले से गुजरने वाले राष्ट्रीय राजमार्ग के नियमित रख-रखाव तथा क्षतिग्रस्त सड़कों की शीघ्र मरम्मत सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
सड़क किनारे अतिक्रमित भूमि पर संचालित अनाधिकृत ढाबों तथा ढाबों के आसपास ट्रक, ट्रेलर एवं अन्य भारी वाहनों की अनुचित पार्किंग की स्थिति का सर्वेक्षण कर आवश्यक कार्रवाई करने को कहा गया। दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए निर्धारित मापदण्डों का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए। बैठक में पीएम राहत एवं राहवीर योजना के क्रियान्वयन की समीक्षा की गई। वहीं एनएचएआई एवं हाईवे से अतिक्रमण हटाने संबंधी पालन प्रतिवेदन, सड़कों पर बने गड्ढों एवं खुले जलस्रोतों के आसपास बैरिकेडिंग, ब्लैक स्पॉट के चिन्हांकन एवं वहां की गई कार्रवाई की भी समीक्षा की गई। पुलिस एवं संबंधित विभागों को सड़क दुर्घटनाओं में मृत्यु एवं घायलों की स्थिति का नियमित विश्लेषण कर आवश्यक सुरक्षात्मक उपाय करने के निर्देश दिए गए।
कलेक्टर ने आवारा पशुओं से होने वाली सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए उनके गले एवं सींगों में रेडियम पट्टी लगाने तथा आवारा पशुओं को कांजी हाउस में एकत्रित करने के निर्देश नगर निगम को दिए। वहीं पुलिस एवं परिवहन विभाग को ओवरलोड वाहनों, ट्रेलर एवं ट्रकों से बाहर निकले सामान, बिना तिरपाल ढंके खनिज एवं अन्य माल का परिवहन तथा मालवाहक वाहनों में यात्री परिवहन पर प्रभावी नियंत्रण के लिए नियमित जांच अभियान चलाने कहा गया। बैठक में शहर में रिंग रोड निर्माण एवं ट्रांसपोर्ट नगर के लिए प्रस्ताव तैयार कर आवश्यक कार्रवाई हेतु प्रस्तुत करने के निर्देश नगर निगम को दिए गए। इसके अलावा जिले के सभी स्कूलों के प्रधानाध्यापक एवं प्राचार्यों को निर्देशित किया गया कि 18 वर्ष से कम उम्र के स्कूली बच्चों द्वारा स्वयं वाहन चलाकर स्कूल आने पर रोक के संबंध में पालकों की बैठक आयोजित कर उन्हें जागरूक किया जाए।
कलेक्टर नम्रता जैन ने कहा कि सड़क सुरक्षा केवल किसी एक विभाग की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि सभी संबंधित विभागों के समन्वित प्रयास से ही सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सकती है। उन्होंने अधिकारियों को अपने-अपने विभाग से संबंधित कार्यों का समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में अपर कलेक्टर बीरेन्द्र बहादुर पंचभाई, एसडीएम अभयजीत मण्डावी, डिप्टी कलेक्टर सुनिल सोनपिपरे, डीएसपी सुश्री अमृता पैकरा, सीएमएचओ डॉ. टीआर कुंवर, कार्यक्रम अधिकारी लुपेन्द्र महिनांग, आदिवासी विकास विभाग के सहायक आयुक्त सुश्री तनुजा नाग, जिला शिक्षा अधिकारी महेन्द्रनाथ पाण्डे, लोक स्वास्थ्य विभाग के कार्यपालन अभियंता एसके वर्मा, लोक निर्माण विभाग के संजय चौहान, जनपद सीईओ ओरछा अमित भाटिया, नारायणपुर गुरमित सिंह सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित थे।

इन्हें भी पढ़े