युवा उड़ान 2026 का आयोजन 29 अक्टूबर को, विकसित भारत के निर्माण में युवाओं की भूमिका पर होगी परिचर्चा

अम्बेडकर भवन झगराखांड में होगा जिला स्तरीय कार्यक्रम, 16 से 24 वर्ष आयु वर्ग के युवाओं की सहभागिता पर जोर
एमसीबी/18 अक्टूबर 2026/ छत्तीसगढ़ राज्य गठन के 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में प्रदेश के युवाओं को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत विजन-2047 से जोड़ने तथा विकसित छत्तीसगढ़ के संकल्प को साकार करने में युवाओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने के उद्देश्य से ‘युवा उड़ान 2026’ कार्यक्रम का आयोजन 29 अक्टूबर 2026 को अम्बेडकर भवन, झगराखांड में किया जाएगा। छत्तीसगढ़ राज्य युवा आयोग एवं जिला प्रशासन के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम में जिले के युवाओं को विचार साझा करने, अपने प्रश्न रखने तथा विकास से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर संवाद करने का अवसर मिलेगा।
कार्यक्रम में 16 से 24 वर्ष आयु वर्ग के युवाओं की सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी। इसमें कक्षा 9वीं से 12वीं तक के मेधावी विद्यार्थी, महाविद्यालयीन एवं प्रावीण्य छात्र, कला, साहित्य, संस्कृति और खेल के क्षेत्र में राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर प्रतिनिधित्व करने वाले युवा, खेल अकादमियों के प्रशिक्षणार्थी तथा यूपीएससी, सीजीपीएससी सहित विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे अभ्यर्थी शामिल होंगे।
इसके साथ ही इंजीनियरिंग, मेडिकल, कृषि, पॉलिटेक्निक एवं आईटीआई के विद्यार्थी, सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स, सामाजिक कार्यकर्ता, कौशल विकास प्रशिक्षणार्थी, छात्रावासों में निवासरत विद्यार्थी, दिव्यांगजन तथा आत्मसमर्पित पूर्व नक्सली युवाओं को भी कार्यक्रम में शामिल करने पर जोर दिया गया है।
युवाओं से जुड़े मुद्दों पर होगी चर्चा
‘युवा उड़ान 2026’ के अंतर्गत केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा युवाओं के लिए संचालित विकासात्मक एवं कल्याणकारी योजनाओं, ‘वन नेशन, वन इलेक्शन’ तथा विकसित छत्तीसगढ़ से विकसित भारत के निर्माण में युवाओं की भूमिका जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर परिचर्चा आयोजित की जाएगी। कार्यक्रम में तीन आमंत्रित विषय विशेषज्ञ अपने विचार रखेंगे। कुल 2 घंटे 10 मिनट की अवधि वाले इस आयोजन में विषय विशेषज्ञों के लिए 1 घंटा 30 मिनट तथा युवाओं के साथ संवाद, प्रश्नोत्तर और सुझावों के लिए 40 मिनट निर्धारित किए गए हैं।
जिले के युवाओं से सहभागिता की अपील
जिला प्रशासन एवं खेल एवं युवा कल्याण विभाग, जिला एमसीबी द्वारा जिले के सभी पात्र छात्र-छात्राओं एवं युवाओं से ‘युवा उड़ान 2026’ कार्यक्रम में सहभागिता करने की अपील की गई है। यह आयोजन युवाओं को अपने विचार व्यक्त करने, समसामयिक विषयों को समझने तथा राष्ट्र और प्रदेश के विकास में अपनी भूमिका पहचानने का अवसर प्रदान करेगा।