दिव्यांग सहायता शिविर का होगा आयोजन 19 अक्टूबर को
दिव्यांगजनों को वितरित की जाएगी व्हीलचेयर एवं ट्राइसाइकिल, शिविर में बनेगा दिव्यांगता प्रमाण पत्र
उत्तर बस्तर कांकेर, 18 अक्टूबर 2026/ भगवान महावीर दिव्यांग सहायता समिति, जयपुर एवं जिला प्रशासन कांकेर के संयुक्त सहयोग से 19 अक्टूबर, सोमवार को कांकेर के मिनी स्टेडियम परिसर में दिव्यांग सहायता शिविर का आयोजन किया जाएगा। शिविर के माध्यम से दिव्यांगजनों को आवश्यकतानुसार व्हीलचेयर एवं ट्राइसाइकिल प्रदान की जाएगी, ताकि उन्हें आवागमन में सुविधा मिल सके और वे दैनिक गतिविधियों में अधिक आत्मनिर्भर बन सकें।
शिविर में शामिल होने के इच्छुक दिव्यांगजनों को आवश्यक दस्तावेजों के रूप में आधार कार्ड की छायाप्रति, मेडिकल प्रमाण पत्र की छायाप्रति तथा पासपोर्ट साइज फोटो साथ लाना होगा। जिन दिव्यांगजनों का अभी तक दिव्यांगता प्रमाण पत्र नहीं बना है, उनके लिए शिविर में जिला मेडिकल बोर्ड के माध्यम से अस्थायी प्रमाणीकरण की व्यवस्था भी की जाएगी, इससे पात्र दिव्यांगजनों को प्रमाणीकरण की प्रक्रिया में सुविधा मिलेगी। जिला प्रशासन द्वारा दिव्यांगजनों से अपील की गई है कि वे इस सहायता शिविर का लाभ उठाने के लिए निर्धारित तिथि को आवश्यक दस्तावेजों के साथ मिनी स्टेडियम परिसर कांकेर में उपस्थित हों।
