बाल संरक्षण और चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 को लेकर जागरूकता अभियान आयोजित
रायपुर, 19 अगस्त 2026/बच्चों के संरक्षण, सुरक्षा और अधिकारों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से जांजगीर-चांपा जिले में विभिन्न स्थानों पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। कार्यक्रम में चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 सहित बाल संरक्षण से जुड़े महत्वपूर्ण प्रावधानों की जानकारी दी गई।
शासकीय प्राथमिक शाला दर्शभाठा में आयोजित कार्यक्रम में बच्चों को चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, सुरक्षित एवं असुरक्षित स्पर्श तथा विपरीत परिस्थितियों में सहायता प्राप्त करने के संबंध में जागरूक किया गया। वहीं रेलवे स्टेशन चांपा में चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, पॉक्सो एक्ट, सुरक्षित एवं असुरक्षित स्पर्श तथा सड़क जैसी परिस्थितियों में जीवन यापन करने वाले बच्चों के संरक्षण एवं स्थायी पुनर्वास को लेकर प्रचार-प्रसार किया गया।
जिला बाल संरक्षण अधिकारी गजेन्द्र सिंह जायसवाल ने बताया कि अभियान के दौरान बाल श्रमिकों, अपशिष्ट संग्राहक, भिक्षावृत्ति में लिप्त तथा सड़क जैसी परिस्थितियों में रहने वाले बच्चों की पहचान, संरक्षण और पुनर्वास के संबंध में जानकारी दी गई। साथ ही बाल विवाह, पॉक्सो एक्ट तथा नशे की गिरफ्त में आने वाले बच्चों से संबंधित मामलों की सूचना तत्काल महिला एवं बाल विकास विभाग अथवा चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 पर देने के लिए लोगों को प्रेरित किया गया।
बाल संरक्षण से संबंधित किसी भी मामले की सूचना चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 के साथ ही +91-9827771819 एवं +91-8963997174 पर भी दी जा सकती है। अभियान का उद्देश्य बच्चों को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने के साथ समाज के प्रत्येक वर्ग को बाल संरक्षण की जिम्मेदारी से जोड़ना है।
