बाढ़ आपदा पर मॉक ड्रिल 20 अगस्त को, नागरिकों से सहयोग की अपील

गरियाबंद, 19 अगस्त 2026/ जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण गरियाबंद द्वारा राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण, गृह मंत्रालय, भारत सरकार तथा छत्तीसगढ़ राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण, राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग के संयुक्त तत्वावधान में 20 अगस्त 2026, गुरुवार को बाढ़ आपदा पर मॉक ड्रिल (Mock Exercise) आयोजित की जाएगी। यह अभ्यास सुबह 11 बजे नेशनल हाईवे 130 सी, तहसील गरियाबंद अंतर्गत निर्धारित स्थल पर किया जाएगा।
मॉक ड्रिल का उद्देश्य जिले में आपदा प्रबंधन की तैयारियों को परखना, विभिन्न विभागों के बीच समन्वय की स्थिति का आकलन करना तथा नागरिकों को बाढ़ जैसी आपदा के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों के प्रति जागरूक करना है।
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यह मॉक ड्रिल केवल प्रशिक्षण एवं अभ्यास की प्रक्रिया है। इसके दौरान नागरिकों को घबराने की आवश्यकता नहीं है। प्रशासन ने सभी नागरिकों से अभ्यास के दौरान शांति बनाए रखने, अफवाहों से बचने तथा केवल सही एवं प्रमाणित जानकारी साझा करने की अपील की है।
प्रशासन ने नागरिकों से मॉक ड्रिल के दौरान आवश्यक सहयोग प्रदान करने की अपील करते हुए कहा है कि आपदा प्रबंधन की तैयारियों को प्रभावी बनाने में आमजन की सहभागिता महत्वपूर्ण है।