तीन नए ब्लैक स्पॉट का संयुक्त टीम ने किया निरीक्षण
दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए सुरक्षा उपायों की रूपरेखा तैयार, सुधारात्मक कार्यों को प्राथमिकता से पूरा करने पर बनी सहमति
महासमुंद। जिले में सड़क दुर्घटनाओं की संभावनाओं को कम करने और चिन्हित दुर्घटना संभावित क्षेत्रों में आवश्यक सुरक्षा इंतजाम सुनिश्चित करने के उद्देश्य से परिवहन विभाग, यातायात पुलिस एवं भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) की संयुक्त जांच टीम ने तीन नवीन ब्लैक स्पॉट का स्थल निरीक्षण किया। टीम ने मौके पर पहुंचकर दुर्घटनाओं के संभावित कारणों का जायजा लिया और आवश्यक सुधारात्मक एवं यातायात सुरक्षा उपायों की रूपरेखा तैयार की।
संयुक्त जांच दल में जिला परिवहन अधिकारी प्रतीक शुक्ला, उप पुलिस अधीक्षक (यातायात) गोपाल ध्रुवे सहित एनएचएआई के अधिकृत अधिकारी शामिल रहे। टीम ने चिन्हित तीनों स्थानों का मौके पर विस्तृत निरीक्षण कर सड़क की स्थिति, यातायात व्यवस्था तथा दुर्घटना की संभावनाओं से जुड़े विभिन्न पहलुओं का अवलोकन किया।
ये तीन स्थान बने नवीन ब्लैक स्पॉट
जिले में चिन्हित नवीन ब्लैक स्पॉट में करणी कृपा प्लांट, तुमगांव, एनएच-53, बावनकेरा चौक, थाना पटेवा, एनएच-53 तथा न्यू गिल ढाबा, साल्हेतराईं, थाना बसना, एनएच-53 शामिल हैं।
निरीक्षण के दौरान टीम ने इन स्थानों पर दुर्घटनाओं के संभावित कारणों और सड़क सुरक्षा से संबंधित आवश्यकताओं का बारीकी से जायजा लिया। साथ ही, दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए जरूरी सुधारात्मक उपायों पर भी चर्चा की गई।
सुरक्षा उपायों पर दिया जोर
संयुक्त टीम ने ब्लैक स्पॉट पर आवश्यक यातायात सुरक्षा उपायों को प्रभावी ढंग से लागू करने के लिए कार्ययोजना निर्धारित की। संबंधित विभागों द्वारा आवश्यक सुधारात्मक कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने पर सहमति बनी। अधिकारियों के अनुसार, चिन्हित स्थानों पर आवश्यक सुरक्षा उपाय किए जाने से वाहन चालकों को बेहतर यातायात सुविधा मिलेगी तथा सड़क दुर्घटनाओं की संभावना को कम करने में मदद मिलेगी।
प्रशासन एवं संबंधित विभागों का उद्देश्य जिले के दुर्घटना संभावित क्षेत्रों में समय रहते आवश्यक सुधार कर सड़क सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करना और लोगों के जीवन की सुरक्षा सुनिश्चित करना है।
