स्वतंत्रता सेनानी परिवारों का सम्मान, विधायक सिन्हा ने किया त्याग और संघर्ष को नमन
महासमुंद। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा ने नगर में निवासरत स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के परिजनों का सम्मान कर उनके त्याग, संघर्ष और राष्ट्र के प्रति समर्पण को नमन किया। इस दौरान उन्होंने सेनानी परिवारों को शॉल एवं श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया और उनके प्रति कृतज्ञता व्यक्त की।
विधायक सिन्हा ने कहा कि देश की आजादी केवल एक ऐतिहासिक घटना नहीं, बल्कि असंख्य स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के त्याग, तपस्या, संघर्ष और बलिदान का परिणाम है। सेनानियों ने अपने परिवार, सुख-सुविधाओं और व्यक्तिगत हितों की चिंता किए बिना मातृभूमि की स्वतंत्रता के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर कर दिया। उनके साहस, संघर्ष और देशभक्ति के कारण ही आज देशवासी स्वतंत्र भारत में सम्मान और स्वाभिमान के साथ जीवन जी रहे हैं।
उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के परिवार भी उनके संघर्ष और त्याग के अभिन्न भागीदार रहे हैं। ऐसे परिवारों का सम्मान करना महान सेनानियों के प्रति सम्मान और कृतज्ञता व्यक्त करने के समान है। विधायक ने सम्मान समारोह के दौरान सेनानी परिवारों के सदस्यों से आत्मीय मुलाकात की, उनका कुशलक्षेम जाना तथा उनके अनुभवों और स्वतंत्रता आंदोलन से जुड़ी स्मृतियों को सुना।
युवा पीढ़ी के लिए प्रेरणा हैं सेनानियों की गाथाएं
विधायक सिन्हा ने कहा कि स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों की गौरवशाली गाथाएं आज की युवा पीढ़ी के लिए प्रेरणा का स्रोत हैं। उनके आदर्श, देशभक्ति, त्याग और राष्ट्रसेवा की भावना को जीवन में आत्मसात कर युवा देश के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दे सकते हैं। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता सेनानियों और उनके परिवारों के योगदान को सदैव सम्मान के साथ याद किया जाना चाहिए, ताकि आने वाली पीढ़ियां भी देश की आजादी के लिए किए गए संघर्ष और बलिदान के महत्व को समझ सकें।
