वैद्य फूड में देर रात प्रशासन का छापा
एनालॉग पनीर बनाने और बेचने की शिकायत पर तीन घंटे चली जांच
करीब 300 किलो तैयार पनीर जब्त कर सैंपल जांच के लिए रायपुर भेजा गया
महासमुंद। एनालॉग (कृत्रिम) पनीर के निर्माण एवं विक्रय पर प्रतिबंध के उल्लंघन की आशंका के बीच जिला प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। राजस्व, खाद्य एवं औषधि प्रशासन तथा पुलिस विभाग की संयुक्त टीम ने जिला मुख्यालय से करीब तीन किलोमीटर दूर भलेसर रोड स्थित वैद्य फूड में बीती देर रात छापेमारी की। एसडीएम अक्षा गुप्ता के नेतृत्व में हुई इस कार्रवाई में अधिकारियों ने करीब तीन घंटे तक संस्थान की जांच की।
जानकारी के अनुसार, रात्रि करीब 12 बजे तहसीलदार जुगल किशोर, नायब तहसीलदार हरीश ध्रुव तथा खाद्य एवं औषधि प्रशासन के खाद्य सुरक्षा अधिकारी शंखनाद भोई सहित अधिकारियों और पुलिस की संयुक्त टीम वैद्य फूड पहुंची। जांच के दौरान संस्थान में देर रात पनीर का निर्माण किए जाने की स्थिति सामने आई। मौके पर उपलब्ध पनीर तथा उसके निर्माण में उपयोग की जाने वाली सामग्री की गुणवत्ता को लेकर संदेह उत्पन्न होने पर अधिकारियों ने तैयार पनीर को अपने कब्जे में लेकर कार्रवाई की।
कोल्ड स्टोरेज खोलकर लिया गया सैंपल
कार्रवाई के दौरान सील किए गए कोल्ड स्टोरेज में रखे पनीर को अगले दिन सुबह नियमानुसार खोलकर उसकी जांच की गई। अधिकारियों ने खाद्य सामग्री की वास्तविक स्थिति और गुणवत्ता की पुष्टि के लिए पनीर का नमूना लिया। जब्त पनीर का सैंपल अब राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला, रायपुर भेजा जा रहा है। जांच रिपोर्ट के आधार पर ही यह स्पष्ट होगा कि पनीर निर्धारित खाद्य गुणवत्ता मानकों पर खरा उतरता है या नहीं।
करीब 300 किलो पनीर जब्त, आगे रिपोर्ट पर नजर
प्रशासन की ओर से उपलब्ध जानकारी के अनुसार जांच के दौरान लगभग 300 किलोग्राम तैयार पनीर जब्त किया गया है। हालांकि कार्रवाई के दौरान तैयार पनीर की मात्रा को लेकर मौके से प्राप्त जानकारी में करीब 300 किलोग्राम का भी उल्लेख किया गया है। अंतिम मात्रा विभागीय अभिलेख एवं जांच कार्रवाई के आधार पर स्पष्ट होगी।
अधिकारियों ने संस्थान में उपलब्ध खाद्य सामग्री, पनीर निर्माण की प्रक्रिया और उसमें उपयोग होने वाली सामग्री से संबंधित आवश्यक जानकारी भी जुटाई है।
रिपोर्ट आने के बाद होगी कार्रवाई
अभिहित अधिकारी उमेश कुमार वर्मा ने बताया कि जब्त पनीर का सैंपल राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला, रायपुर भेजा जा रहा है। प्रयोगशाला से जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद खाद्य सुरक्षा अधिनियम एवं संबंधित प्रावधानों के तहत आगे की कार्रवाई की जाएगी।
प्रशासन का कहना है कि खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करना और प्रतिबंधित अथवा मिलावटी खाद्य पदार्थों के निर्माण एवं विक्रय पर प्रभावी नियंत्रण रखना प्राथमिकता है। आयुक्त खाद्य एवं औषधि प्रशासन तथा जिला प्रशासन के निर्देशानुसार खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और उपभोक्ताओं की सुरक्षा से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। खाद्य प्रतिष्ठानों की जांच और कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। कार्रवाई के दौरान खाद्य सुरक्षा अधिकारी शंखनाद भोई, तहसीलदार जुगल किशोर, नायब तहसीलदार हरीश ध्रुव सहित पुलिस विभाग की टीम मौजूद रही।
वैध फूड के संचालक शोभित सिंह का कहना है नियमित रूप से जांच होती रहती है। कल रात भी जांच टीम आई, और उन्होंने प्रोडक्शन देखा। दुध से बना पनीर देखा। प्लांट अभी सील नही किया गया है। सैंपल सेफ रखा गया। पनीर गर्म होने के कारण सैंपल पंचनामा नही हो सकता था।
