पुलिस ने 57 लाख का 114 किलो गांजा पकड़ा, तीन अंतरराज्यीय तस्कर गिरफ्तार

ओडिशा से महाराष्ट्र ले जाई जा रही थी खेप, कार समेत 74.30 लाख रुपये की संपत्ति जब्त, एनएच-353 पर घेराबंदी कर दबोचा
महासमुंद। जिले की कोमाखान पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए तीन अंतरराज्यीय गांजा तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से 114 किलो अवैध गांजा, एक टाटा हैरियर कार, तीन मोबाइल फोन और दो लाख रुपये नकद सहित कुल 74 लाख 30 हजार रुपये की संपत्ति जब्त की है। बरामद गांजे की अनुमानित कीमत 57 लाख रुपये बताई गई है।
पुलिस के अनुसार, एंटी नारकोटिक टास्क फोर्स के निर्देश पर जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी रोकने के लिए लगातार सघन वाहन जांच अभियान चलाया जा रहा है। इसी दौरान बुधवार को कोमाखान पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि ओडिशा से एक सफेद रंग की टाटा हैरियर कार (क्रमांक एम एच -48-बीएच -8222) में तीन व्यक्ति बड़ी मात्रा में गांजा लेकर छत्तीसगढ़ के रास्ते महाराष्ट्र जा रहे हैं।
सूचना मिलते ही ग्राम टेमरी जांच नाका पर पुलिस टीम ने वाहन चेकिंग शुरू की। संदिग्ध वाहन के पहुंचने पर पुलिस ने उसे रुकने का संकेत दिया, लेकिन चालक ने वाहन की गति बढ़ाकर भागने का प्रयास किया। पुलिस ने पीछा करते हुए घेराबंदी की और कोमाखान चौकड़ी स्थित राष्ट्रीय राजमार्ग-353 पर वाहन को रोककर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में आरोपियों ने अपनी पहचान नागराज पारधी (26), दिनेश माली (28) और सतपाल सिंह राजपूत (38) निवासी शिरपुर, जिला धुले (महाराष्ट्र) के रूप में बताई। वाहन की तलाशी लेने पर डिक्की से 114 किलो गांजा बरामद हुआ। आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे गांजे की यह खेप ओडिशा के बालीगुड़ा से महाराष्ट्र के नारदाना (धुले) ले जा रहे थे।
पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध धारा 20(बी)(II)(सी) एवं 29 एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया है। मामले में गांजा तस्करी के नेटवर्क और इससे जुड़े अन्य लोगों की भी जांच की जा रही है।