महासमुंद में शिवमय हुआ माहौल, विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने किया महारुद्राभिषेक
श्रावण मास के एक माह तक चलने वाले धार्मिक आयोजन में वैदिक मंत्रोच्चार के बीच की पूजा-अर्चना, प्रदेश की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना
महासमुंद। श्रावण मास की भक्तिमय बेला में मंगलवार रात महासमुंद का विशाल मेगा मार्ट परिसर शिवभक्ति में सराबोर हो गया। यहां आयोजित एक माह तक चलने वाले महारुद्राभिषेक एवं हवन-पूजन कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने विधि-विधान एवं वैदिक मंत्रोच्चार के बीच भगवान भोलेनाथ का रुद्राभिषेक कर प्रदेशवासियों के सुख, शांति, समृद्धि, उत्तम स्वास्थ्य और खुशहाली की कामना की। पूजा के दौरान पूरा परिसर हर-हर महादेव के जयघोष और शिव आराधना से गुंजायमान रहा।
श्रावण मास के अवसर पर आयोजित इस विशेष धार्मिक अनुष्ठान में श्रद्धालुओं की आस्था देखते ही बन रही थी। वैदिक आचार्यों के सान्निध्य में संपन्न हुए रुद्राभिषेक और हवन-पूजन में डॉ. रमन सिंह ने पूरे श्रद्धाभाव से भाग लिया तथा प्रदेश में सुख, शांति और जनकल्याण की प्रार्थना की।
कार्यक्रम में महासमुंद विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा अपने परिवार सहित मौजूद रहे। इसके अलावा विभिन्न जनप्रतिनिधियों, वरिष्ठ पदाधिकारियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं तथा बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भी अनुष्ठान में सहभागिता कर भगवान शिव का आशीर्वाद प्राप्त किया।
आयोजकों ने बताया कि श्रावण मास के दौरान प्रतिदिन महारुद्राभिषेक एवं हवन-पूजन का आयोजन किया जा रहा है। एक माह तक चलने वाले इस धार्मिक आयोजन में प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल होकर भगवान शिव की आराधना कर रहे हैं। आयोजन का उद्देश्य धार्मिक आस्था के साथ समाज में सुख, शांति, समरसता और लोककल्याण की भावना को प्रोत्साहित करना है।
