एक पेड़ माँ के नाम- अभियान के तहत ग्राम पंचायत करलखा में हुआ वृक्षारोपण
’फलदार पौधों का वितरण कर ग्रामीणों को पर्यावरण संरक्षण का दिया गया संदेश
नारायणपुर, 04 अगस्त 2026// पर्यावरण संरक्षण एवं हरित भविष्य के निर्माण के उद्देश्य से ग्राम पंचायत करलखा में एक पेड़ माँ के नाम अभियान के अंतर्गत वृहद वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। अभियान के तहत ग्रामवासियों ने अपनी माताओं के सम्मान में पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया तथा समाज के प्रत्येक वर्ग को वृक्षारोपण से जोड़कर इसे जनआंदोलन बनाने का संदेश दिया। कार्यक्रम का आयोजन देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान, छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के मार्गदर्शन, क्षेत्र के विधायक केदार कश्यप के नेतृत्व तथा कलेक्टर नम्रता जैन के मार्गदर्शन में किया गया। इस अवसर पर ग्रामवासियों द्वारा विभिन्न स्थानों पर पौधरोपण किया गया तथा पर्यावरण संरक्षण के प्रति जनजागरूकता का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों को नारियल एवं आम के फलदार पौधों का वितरण भी किया गया, ताकि वे अपने घरों एवं खेतों में पौधे लगाकर उनके संरक्षण का संकल्प लें। वक्ताओं ने कहा कि वृक्ष न केवल पर्यावरण संतुलन बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण सुनिश्चित करने का आधार भी हैं। कार्यक्रम में मुख्य रूप से जनपद सदस्य एवं जनपद पंचायत नारायणपुर की अध्यक्ष पिंकी उसेंडी, ग्राम पंचायत करलखा की सरपंच श्रीमती रमशीला सलाम, पूर्व सरपंच, वार्ड पंच, ग्राम के युवा साथी एवं बड़ी संख्या में ग्रामवासी उपस्थित थे। सभी उपस्थितजनों ने पौधों की नियमित देखभाल एवं संरक्षण का संकल्प लेते हुए पर्यावरण संरक्षण के इस अभियान को निरंतर आगे बढ़ाने का संकल्प व्यक्त किया।
