सफाई मित्रों से सीएमओ की अपील, बहकावे में न आएं और तत्काल लौटें काम पर
बिना सूचना कार्य बहिष्कार को बताया सेवा अनुशासन का उल्लंघन, आंदोलन के लिए उकसाने वाले एक सफाई मित्र को किया गया कार्य से पृथक
महासमुंद। नगर पालिका परिषद के मुख्य नगर पालिका अधिकारी (सीएमओ) सौरभ शर्मा ने बिना पूर्व सूचना के कार्य बहिष्कार कर रहे सफाई मित्रों से तत्काल काम पर लौटने की अपील की है। उन्होंने कहा कि नगर की स्वच्छता व्यवस्था अत्यावश्यक जनसेवा है और इसके बाधित होने से आम नागरिकों के स्वास्थ्य तथा जनजीवन पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है। ऐसे में सभी सफाई मित्र किसी भी प्रकार के बहकावे या भ्रामक जानकारी में न आएं तथा नगर की स्वच्छता व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने में सहयोग करें।
सीएमओ श्री शर्मा ने कहा कि बिना पूर्व सूचना के कार्य बहिष्कार करना और अन्य कर्मचारियों को भी काम छोड़ने के लिए उकसाना सेवा अनुशासन एवं अनुबंध की शर्तों का उल्लंघन है। नगर पालिका प्रशासन कर्मचारियों की समस्याओं के समाधान के लिए हमेशा संवाद का पक्षधर रहा है, लेकिन जनहित से जुड़ी आवश्यक सेवाओं को बाधित करना किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं है।
उन्होंने बताया कि प्रारंभिक जांच में एक सफाई मित्र द्वारा अन्य कर्मचारियों को कार्य बहिष्कार और आंदोलन के लिए उकसाने का तथ्य सामने आया है। इसके आधार पर संबंधित सफाई मित्र को कार्य से पृथक कर दिया गया है। साथ ही चेतावनी दी गई है कि भविष्य में यदि कोई कर्मचारी अन्य सफाई मित्रों को भ्रमित करने, उकसाने या नगर पालिका की आवश्यक सेवाओं में बाधा उत्पन्न करने का प्रयास करेगा, तो उसके विरुद्ध भी नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
सीएमओ ने दोहराया कि नगर पालिका प्रशासन कर्मचारियों की समस्याओं के समाधान के लिए सदैव संवाद के लिए तैयार है, लेकिन शहर की स्वच्छता जैसी आवश्यक जनसेवा को प्रभावित करने वाले कदम स्वीकार नहीं किए जाएंगे।
उन्होंने सभी सफाई मित्रों से पुनः अपील की कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें, किसी के बहकावे में न आएं और तत्काल अपने कार्य पर लौटें। उन्होंने कहा कि जो कर्मचारी शीघ्र कार्य पर वापस लौटेंगे, उनके संबंध में नियमानुसार सकारात्मक विचार किया जाएगा। वहीं, बिना उचित कारण कार्य से अनुपस्थित रहने वाले कर्मचारियों के विरुद्ध सेवा नियमों एवं अनुबंध की शर्तों के तहत आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
