जमीन विवाद में दो पक्ष भिड़े, दोनों ओर से एफआईआर दर्ज
महासमुंद। पिथौरा थाना क्षेत्र के ग्राम बरतुंगा में जमीन संबंधी पुराने विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच मारपीट का मामला सामने आया है। दोनों पक्षों की शिकायत पर पुलिस ने अलग-अलग अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार ग्राम बरतुंगा निवासी नरेश निषाद ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि वह 1 अगस्त की रात करीब 9 बजे दूध बेचकर घर लौट रहा था। इसी दौरान गौरा चौक के पास धनीराम निषाद, अर्जुन निषाद और लीलाधर निषाद ने जमीन विवाद को लेकर उससे गाली-गलौज की, जान से मारने की धमकी दी और मारपीट कर दी।
नरेश की शिकायत पर पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ धारा 115(2), 296, 351(2) एवं 3(5) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज किया है।
वहीं दूसरे पक्ष के धनीराम निषाद ने भी शिकायत दर्ज कराते हुए आरोप लगाया कि उसी रात गौरा चौक के पास नरेश कुमार यादव ने पुरानी रंजिश के चलते गाली-गलौज कर उसके साथ मारपीट की। इस शिकायत पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 115(2) एवं 296 बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
