तीन युवकों ने दो दोस्तों पर किया हमला
महासमुंद। शहर के पिटियाझर क्षेत्र में दो युवकों के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। आरोप है कि तीन युवकों ने गाली-गलौज करते हुए दोनों पर हमला कर दिया, जिसमें एक युवक को ब्लेड और दूसरे को पत्थर मारकर घायल कर दिया गया। सिटी कोतवाली पुलिस ने तीन आरोपियों के खिलाफ अपराध दर्ज किया है।
पुलिस के मुताबिक वार्ड क्रमांक-12 पिटियाझर निवासी राहुल विश्वकर्मा 31 जुलाई की रात करीब 8.30 बजे अपने दोस्त शुभम साहू के साथ पैदल घर जा रहा था। दोनों जैसे ही न्यू मंडी गेट के पास राजेंद्र चंद्राकर के घर के सामने पहुंचे, वहां पहले से मौजूद प्रेम, खिलेश और आयुष ने उन्हें रोक लिया।
आरोप है कि तीनों ने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी और मारपीट शुरू कर दी। इस दौरान आयुष ने ब्लेड से शुभम साहू के दाहिने हाथ की उंगली पर वार किया, जबकि प्रेम ने राहुल विश्वकर्मा के सिर पर पत्थर मार दिया, जिससे दोनों को चोटें आईं।
पीड़ितों की रिपोर्ट पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ धारा 115(2), 296, 351(3) एवं 3(5) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।
