जिला स्तरीय युवा उत्सव में युवाओं ने कला, संस्कृति और नवाचार का किया प्रभावशाली प्रदर्शन

महापौर रामू रोहरा ने प्रतिभागियों का किया उत्साहवर्धन, विजेताओं को किया पुरस्कृत
विशेष आकर्षण रहे बालगृह के बच्चों की प्रस्तुतियां
धमतरी में पांच-पांच करोड़ रुपये की लागत से बन रहे इंडोर स्टेडियम, खेलो इंडिया के तहत मिनी स्टेडियम का भी हो रहा निर्माण
युवा शक्ति ही विकसित भारत की आधारशिला, युवाओं को प्रतिभा के अनुरूप अवसर और सुविधाएं उपलब्ध कराना प्राथमिकता: महापौर
धमतरी, 05 नवंबर 2026/ युवाओं की प्रतिभा को प्रोत्साहित करने, उनकी रचनात्मक क्षमता को मंच प्रदान करने तथा विकसित भारत के निर्माण में उनकी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने के उद्देश्य से खेल एवं युवा कल्याण विभाग, धमतरी द्वारा गुरुवार को विंध्यवासिनी मंदिर के पीछे स्थित सामुदायिक भवन में जिला स्तरीय युवा उत्सव का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में नगर निगम धमतरी के महापौर रामू रोहरा मुख्य अतिथि तथा छत्तीसगढ़ राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग के अध्यक्ष नेहरू निषाद विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उत्सव में जिले के युवाओं ने कला, संस्कृति, विचारों और नवाचार से जुड़ी अपनी प्रतिभा का उत्साहपूर्वक प्रदर्शन किया।
विशेष आकर्षण रहे बालगृह के बच्चों की प्रस्तुतियां
जिला स्तरीय युवा उत्सव में बालगृह (बालक), धमतरी के बच्चों ने भी उत्साहपूर्वक सहभागिता निभाई। बच्चों संगीतमय छत्तीसगढ़ी गीत प्रस्तुत कर अपनी कला एवं रचनात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन करते हुए आकर्षक प्रस्तुतियां दीं। उनकी सहभागिता ने आयोजन को विशेष गरिमा प्रदान की। इस अवसर ने बालगृह के बच्चों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने, आत्मविश्वास बढ़ाने और अन्य युवाओं के साथ अपनी कला साझा करने का अवसर प्रदान किया।
नौ विधाओं में युवाओं ने दिखाई प्रतिभा
युवा उत्सव में विकसित भारत चौलेंज ट्रैक, लोकनृत्य, लोकगीत, नुक्कड़ नाटक, कहानी लेखन, चित्रकला, क्रिएटिव यूथ रील चौलेंज, पारंपरिक वेशभूषा तथा रॉक बैंड सहित कुल नौ विधाओं में प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। इनके माध्यम से युवाओं को अपनी रचनात्मक अभिव्यक्ति, कलात्मक कौशल, सांस्कृतिक विरासत, सामाजिक जागरूकता और तकनीकी समझ प्रदर्शित करने का अवसर मिला। लोकनृत्य, लोकगीत एवं पारंपरिक वेशभूषा की प्रस्तुतियों में छत्तीसगढ़ की समृद्ध लोकसंस्कृति की झलक दिखाई दी, वहीं आधुनिक विधाओं में युवाओं ने समसामयिक विषयों पर अपने विचार और नवाचार प्रस्तुत किए।
युवाओं को बेहतर खेल सुविधाएं और अवसर उपलब्ध कराना प्राथमिकता – महापौर
मुख्य अतिथि महापौर रामू रोहरा ने कहा कि युवा शक्ति ही देश की सबसे बड़ी ताकत और विकसित भारत की आधारशिला है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने का संकल्प लिया है। इस लक्ष्य की प्राप्ति में युवाओं की भूमिका निर्णायक होगी। विकसित भारत का निर्माण शिक्षा, कौशल, रोजगार, खेल, तकनीक, नवाचार और सामाजिक सहभागिता के समन्वय से ही संभव है। उन्होंने कहा कि युवाओं को अपनी प्रतिभा निखारने के लिए प्रोत्साहन के साथ बेहतर संसाधन, प्रशिक्षण और अवसर उपलब्ध कराना भी आवश्यक है।
महापौर ने कहा कि प्रधानमंत्री द्वारा खेलो इंडिया और माय भारत जैसे कार्यक्रमों के माध्यम से युवाओं को आगे बढ़ने तथा उनकी प्रतिभा को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने के प्रयास किए जा रहे हैं। इसी दिशा में धमतरी और कुरूद में पांच-पांच करोड़ रुपये की लागत से इंडोर स्टेडियम का निर्माण कराया जा रहा है। खेलो इंडिया के तहत मिनी स्टेडियम का निर्माण भी किया जा रहा है। इन सुविधाओं से जिले के खिलाड़ियों और युवाओं को अभ्यास एवं खेल प्रतिभा के विकास के लिए बेहतर अवसर मिलेंगे।
उन्होंने शहर में जारी विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए बताया कि धमतरी में सड़कों का निर्माण कराया जा रहा है। ऑडिटोरियम का निर्माण प्रगतिरत है तथा नालंदा परिसर का भूमिपूजन भी शीघ्र किया जाएगा। उन्होंने कहा कि जल्द ही बड़ी रेल लाइन से ट्रेन सेवा शुरू होने जा रही है। शहर में नागरिक सुविधाओं और विकास अधोसंरचना का विस्तार किया जा रहा है, जिससे युवाओं सहित सभी वर्गों को लाभ मिलेगा। महापौर ने जिला स्तरीय युवा उत्सव के विजेता प्रतिभागियों को पुरस्कार राशि देने की घोषणा भी की। उन्होंने युवाओं से अनुशासन, निरंतर परिश्रम और आत्मविश्वास के साथ अपने लक्ष्य की ओर आगे बढ़ने तथा अपनी ऊर्जा का उपयोग समाज और राष्ट्र के विकास में करने का आह्वान किया।
प्रतिभा को अवसर और सही मार्गदर्शन मिलना जरूरी – नेहरू निषाद
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे छत्तीसगढ़ राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग के अध्यक्ष नेहरू निषाद ने कहा कि विकासखंड स्तर पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करते हुए जिला स्तरीय मंच तक पहुंचना युवाओं की मेहनत, लगन और समर्पण का परिणाम है। भारत युवा शक्ति से समृद्ध देश है और वर्ष 2047 तक विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में युवाओं की सक्रिय भागीदारी सबसे महत्वपूर्ण होगी। उन्होंने कहा कि युवाओं को सही अवसर और मार्गदर्शन मिले तो वे प्रत्येक क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल कर सकते हैं। युवाओं को अपनी संस्कृति, परंपराओं और सामाजिक मूल्यों से जुड़े रहते हुए आधुनिक ज्ञान, विज्ञान एवं तकनीक को भी अपनाना चाहिए।
निषाद ने सोशल मीडिया पर प्रसारित होने वाली भ्रामक जानकारियों के प्रति युवाओं को सचेत करते हुए कहा कि किसी भी जानकारी पर आंख मूंदकर विश्वास नहीं करना चाहिए। तथ्यों की पुष्टि कर अपने विवेक से निर्णय लेना चाहिए। उन्होंने युवाओं से अपनी प्रतिभा, ऊर्जा और ज्ञान का उपयोग देशहित एवं समाज के सकारात्मक बदलाव के लिए करने की अपील की।
एसडीएम ने प्रस्तुत किया आयोजन का प्रतिवेदन
कार्यक्रम में एसडीएम पीयूष तिवारी ने युवा उत्सव का प्रतिवेदन प्रस्तुत करते हुए आयोजन के उद्देश्यों, प्रतियोगिताओं की नौ विधाओं तथा युवाओं के लिए उपलब्ध अवसरों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि जिला स्तरीय युवा उत्सव जिले की युवा प्रतिभाओं को पहचानने, प्रोत्साहित करने और उन्हें आगे के मंचों के लिए तैयार करने की महत्वपूर्ण पहल है।
कार्यक्रम के अंत में अतिथियों ने विभिन्न विधाओं के विजेता प्रतिभागियों को पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया तथा सभी प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया। इस अवसर पर संबंधित विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, युवा प्रतिभागी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

इन्हें भी पढ़े