पूर्व संसदीय सचिव पूनम एनएलसी इंडिया लिमिटेड के स्वतंत्र निदेशक नियुक्त
राष्ट्रपति की स्वीकृति के बाद तीन वर्ष के लिए मिला दायित्व, कोयला मंत्रालय ने जारी की नियुक्ति संबंधी अधिसूचना
महासमुंद। पूर्व संसदीय सचिव पूनम चंद्राकर की नियुक्ति सार्वजनिक क्षेत्र की प्रमुख कंपनी एनएलसी इंडिया लिमिटेड के निदेशक मंडल में गैर-सरकारी स्वतंत्र निदेशक के रूप में की गई है। इस संबंध में कोयला मंत्रालय (मिनिस्ट्री ऑफ कोल), नई दिल्ली की ओर से नियुक्ति संबंधी आदेश जारी किया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, एनएलसी इंडिया लिमिटेड के आर्टिकल ऑफ एसोसिएशन के प्रावधानों के तहत भारत के राष्ट्रपति की स्वीकृति के बाद पूनम चंद्राकर को कंपनी के निदेशक मंडल में गैर-सरकारी स्वतंत्र निदेशक के रूप में नियुक्त करने का निर्णय लिया गया है।
जारी अधिसूचना के अनुसार उनकी नियुक्ति तीन वर्ष की अवधि के लिए अधिसूचना जारी होने की तिथि से प्रभावी होगी अथवा अगले आदेश तक, जो भी पहले हो, लागू रहेगी।
एनएलसी इंडिया लिमिटेड देश की अग्रणी सार्वजनिक क्षेत्र की कंपनी है, जो कोयला एवं लिग्नाइट खनन के साथ-साथ विद्युत उत्पादन के क्षेत्र में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। ऐसे प्रतिष्ठित उपक्रम के निदेशक मंडल में पूनम चंद्राकर की नियुक्ति को महासमुंद सहित छत्तीसगढ़ के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।
उनकी नियुक्ति से जिले में हर्ष का माहौल है। विभिन्न जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों और समर्थकों ने इसे क्षेत्र के सम्मान से जोड़ते हुए पूनम चंद्राकर को बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं।
