20 लीटर महुआ शराब के साथ महिला गिरफ्तार
महासमुंद। सरायपाली पुलिस ने अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक महिला को 20 लीटर हाथभट्ठी महुआ शराब के साथ गिरफ्तार किया है। जब्त शराब की अनुमानित कीमत चार हजार रुपये बताई गई है।
पुलिस के मुताबिक मुखबिर से सूचना मिली थी कि पुष्प वाटिका के समीप सीसी रोड, वार्ड क्रमांक-2 वीरेंद्र नगर, सरायपाली में एक महिला महुआ शराब बेचने के लिए ग्राहक तलाश रही है। सूचना पर पुलिस ने मौके पर दबिश देकर महिला के कब्जे से 20 लीटर हाथभट्ठी महुआ शराब बरामद की। आरोपी महिला के विरुद्ध छत्तीसगढ़ आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत अपराध दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई की गई है।
