उधार के रुपये मांगने पर युवक से मारपीट, जान से मारने की धमकी
महासमुंद। उधार दी गई रकम वापस मांगना एक युवक को महंगा पड़ गया। रकम लौटाने की बात कहने पर आरोपी ने गाली-गलौज करते हुए मारपीट की और जान से मारने की धमकी दे डाली। पीड़ित की शिकायत पर सिटी कोतवाली पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
पुलिस के अनुसार वर्धमान नगर निवासी अंकित नंद पिता किस्मतलाल नंद ने शिकायत दर्ज कराई है कि वर्ष 2025 में आमिर खान ने उससे 30 हजार रुपये उधार लिए थे। लंबे समय से रकम वापस करने में टालमटोल कर रहा था। 15 जुलाई को दोपहर करीब एक बजे अंकित, आमिर खान के मुन्ना बिरयानी सेंटर पहुंचा और अपने पैसे वापस मांगे। इस दौरान आमिर खान ने गाली-गलौज करते हुए उसके साथ मारपीट की तथा जान से मारने की धमकी दी।
शिकायत के आधार पर सिटी कोतवाली पुलिस ने आरोपी आमिर खान के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 115(2), 296 एवं 351(2) के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।
