नाश्ता करने के लिए पूछने पर पत्थर से किया हमला

महासमुंद। सरायपाली क्षेत्र के एक होटल में नाश्ता करने की बात पूछने पर एक व्यक्ति ने युवक पर पत्थर से हमला कर दिया। घटना में युवक के सिर पर चोट आई। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
पुलिस के अनुसार सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के ग्राम सहसपानी निवासी बंशीलाल कोसले 15 जुलाई को अपने गांव के कमल पटेल और समारू उरांव के साथ न्यायालय के कार्य से सरायपाली आया था। काम समाप्त होने के बाद शाम करीब चार बजे तीनों साहू होटल, सागरपाली में नाश्ता करने रुके। वहां उनके गांव का डोलामणि यादव पहले से बैठा हुआ था।
बंशीलाल ने डोलामणि से नाश्ता करने के लिए पूछा, जिस पर वह भड़क गया। आरोप है कि उसने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी और पत्थर से बंशीलाल के सिर पर हमला कर दिया।
पीड़ित की रिपोर्ट पर सरायपाली थाना पुलिस ने आरोपी डोलामणि यादव के विरुद्ध बीएनएस की धारा 115(2), 296 एवं 351(2) के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।