वार्ड-07 के चार सार्वजनिक बोरों के बिजली तार काटने से गहराया जल संकट
पार्षद ने नगर पालिका से तत्काल कार्रवाई की मांग
महासमुंद। नगर पालिका क्षेत्र के वार्ड क्रमांक-07 में सार्वजनिक बोरों के बिजली कनेक्शन के तार बार-बार काटे जाने से पूरे वार्ड में पेयजल संकट गहरा गया है। मामले को गंभीर बताते हुए वार्ड पार्षद मुस्ताक खान “विक्की” ने मुख्य नगर पालिका अधिकारी को पत्र सौंपकर दोषियों पर कार्रवाई करने तथा सभी बोरों के बिजली कनेक्शन तत्काल बहाल कराने की मांग की है।
पार्षद द्वारा दिए गए आवेदन में बताया गया है कि वार्ड क्रमांक-07 में लगभग चार सार्वजनिक बोर हैं, जिनसे वार्डवासियों को पेयजल उपलब्ध कराया जाता है। पिछले एक सप्ताह के दौरान अज्ञात शरारती तत्वों ने तीन से चार बार इन बोरों के बिजली कनेक्शन के तार काट दिए, जिससे सभी बोर बंद हो गए हैं।
पत्र में उल्लेख किया गया है कि संबंधित बोरों से पूरे वार्ड की पानी की टंकियां जुड़ी हुई हैं। बोर बंद होने के कारण पूरे वार्ड में पेयजल की गंभीर समस्या उत्पन्न हो गई है। स्थिति यह है कि आम नागरिकों, महिलाओं और बच्चों को पानी के लिए इधर-उधर भटकना पड़ रहा है। पार्षद ने आशंका जताई है कि यदि जल्द व्यवस्था नहीं की गई तो जनस्वास्थ्य के साथ-साथ कानून-व्यवस्था की स्थिति भी प्रभावित हो सकती है।
पार्षद मुस्ताक खान “विक्की” ने नगर पालिका प्रशासन और पुलिस से मांग की है कि वार्ड क्रमांक-07 के सभी सार्वजनिक बोरों के बिजली कनेक्शन तत्काल पुनः स्थापित कराए जाएं तथा बार-बार तार काटने वाले अज्ञात शरारती तत्वों की पहचान कर उनके विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई की जाए।
आवेदन में जिन स्थानों पर बिजली कनेक्शन के तार काटे जाने की जानकारी दी गई है, उनमें माया पाण्डेय के घर के पास, रेबू साहू के घर के पास (बुगुल चौक), हीरा ध्रुव के घर के सामने तथा राम सोनकर के घर के पास स्थित सार्वजनिक बोर शामिल हैं। पार्षद ने नगर पालिका से इन सभी स्थानों पर शीघ्र मरम्मत कर जलापूर्ति बहाल करने की मांग की है।
