नगर पालिका में एकीकृत कर भुगतान केंद्र का शुभारंभ, अब सभी करों का भुगतान एक ही स्थान पर
नागरिकों को मिलेगी आसान, पारदर्शी और डिजिटल कर भुगतान की सुविधा, ऑनलाइन टैक्स जमा कर दिया जागरूकता का संदेश
महासमुंद। नगरवासियों को बेहतर एवं सुविधाजनक नागरिक सेवाएं उपलब्ध कराने की दिशा में नगर पालिका ने एक महत्वपूर्ण पहल की है। नगर पालिका अध्यक्ष निखिलकांत साहू की विशेष पहल पर पालिका परिसर में एकीकृत कर भुगतान केंद्र (नवीन कर भुगतान केंद्र कक्ष) का शुभारंभ गुरुवार को किया गया। इस केंद्र के शुरू होने से अब नागरिकों को मकान कर, जल कर सहित नगर पालिका के सभी प्रकार के करों का भुगतान एक ही स्थान पर करने की सुविधा मिलेगी।
नवीन कर भुगतान केंद्र का उद्घाटन महिला पार्षदों ने फीता काटकर किया। इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष, सभापति, पार्षदगण तथा नगर पालिका के अधिकारी एवं कर्मचारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए नगर पालिका अध्यक्ष निखिलकांत साहू ने कहा कि नगर पालिका का उद्देश्य नागरिकों को सरल, पारदर्शी और समय की बचत करने वाली सेवाएं उपलब्ध कराना है। उन्होंने बताया कि अब तक विभिन्न करों के भुगतान के लिए लोगों को अलग-अलग काउंटरों के चक्कर लगाने पड़ते थे, जिससे समय और श्रम दोनों की बर्बादी होती थी। लेकिन नए कर भुगतान केंद्र के संचालन से अब सभी प्रकार के करों का भुगतान एक ही काउंटर पर आसानी से किया जा सकेगा। इससे नागरिकों को राहत मिलने के साथ-साथ नगर पालिका के राजस्व संग्रहण की प्रक्रिया भी अधिक प्रभावी और तेज होगी।
उन्होंने नगरवासियों से समय पर कर जमा करने की अपील करते हुए कहा कि नागरिकों द्वारा जमा किया गया कर ही शहर के विकास की मजबूत आधारशिला है। सड़क, नाली, पेयजल, सफाई सहित अन्य मूलभूत सुविधाओं के विस्तार एवं विकास कार्यों के लिए समय पर कर भुगतान करना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि नगर पालिका नागरिकों के प्रत्येक रुपये का उपयोग शहर के विकास और जनहित के कार्यों में पारदर्शिता के साथ करेगी।
कार्यक्रम के दौरान नगर पालिका अध्यक्ष निखिलकांत साहू एवं पार्षद शुभ्रा मनीष शर्मा ने स्वयं ऑनलाइन माध्यम से कर भुगतान कर नागरिकों को डिजिटल भुगतान अपनाने का संदेश भी दिया।
इस अवसर पर सभापति जितेंद्र देवनारायण ध्रुव, जय देवांगन, ज्योति रिंकू चंद्राकर, पार्षद शुभ्रा मनीष शर्मा, भारती राजेंद्र चंद्राकर, माधुरी यदु, नीरज चंद्राकर, मुन्ना देवार, चंद्रशेखर बेलदार, धनेन्द्र चंद्राकर, कल्पना सूर्यवंशी, राहुल आवड़े, धनेश्वरी सोनवानी, मुख्य नगर पालिका अधिकारी सौरभ शर्मा, कार्यपालन अभियंता एस.डी. शर्मा, उप अभियंता हेमंत पिसदा, जल विभाग के दुर्गेश कुंजेकर, वाहन विभाग के सुरेश तिवारी सहित नगर पालिका के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
