फेसबुक पर आपत्तिजनक टिप्पणी का मामला, भाजयुमो ने कांग्रेस कार्यकर्ता के खिलाफ एफआईआर की मांग की

पुलिस अधीक्षक और सिटी कोतवाली में सौंपा ज्ञापन, महिलाओं के सम्मान से जुड़ा बताते हुए की कड़ी कार्रवाई की मांग
महासमुंद। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म फेसबुक पर भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं एवं महिलाओं के संबंध में कथित रूप से की गई आपत्तिजनक और अमर्यादित टिप्पणी को लेकर भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) ने विरोध दर्ज कराया। भाजयुमो जिलाध्यक्ष अमन वर्मा के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने बुधवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय एवं सिटी कोतवाली थाना पहुंचकर कांग्रेस कार्यकर्ता सुरेंद्र दुबे (पिता स्व. सरजू त्रिवेदी), निवासी कांपा (तुमगांव) के विरुद्ध लिखित शिकायत सौंपते हुए प्राथमिकी दर्ज करने की मांग की।
भाजयुमो जिलाध्यक्ष अमन वर्मा ने आरोप लगाया कि कांग्रेस कार्यकर्ता द्वारा सोशल मीडिया पर भाजपा कार्यकर्ताओं और महिलाओं के खिलाफ अभद्र एवं आपत्तिजनक टिप्पणी की गई है, जो न केवल राजनीतिक मर्यादा के विरुद्ध है, बल्कि महिलाओं के सम्मान को भी ठेस पहुंचाने वाली है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की भाषा किसी भी लोकतांत्रिक और सभ्य समाज में स्वीकार्य नहीं हो सकती।
उन्होंने कहा कि महिलाओं के विरुद्ध की गई कथित टिप्पणी को लेकर संगठन में व्यापक आक्रोश है। भाजपा महिला कार्यकर्ताओं एवं नारी शक्ति के सम्मान से जुड़े इस मामले में पुलिस को निष्पक्ष जांच कर आरोपी के विरुद्ध विधिसम्मत कार्रवाई करनी चाहिए।
भाजयुमो नेताओं ने कहा कि यह मामला केवल किसी राजनीतिक दल के कार्यकर्ताओं तक सीमित नहीं है, बल्कि महिलाओं के सम्मान और सामाजिक मर्यादा से भी जुड़ा हुआ है। उन्होंने कांग्रेस नेतृत्व से भी अपने कार्यकर्ताओं की कथित आपत्तिजनक टिप्पणियों पर स्पष्ट रुख अपनाने की मांग की।
ज्ञापन सौंपने के दौरान महिला मोर्चा की पूर्व जिलाध्यक्ष सुधा साहू, मंडल अध्यक्ष मधु यादव, वरिष्ठ भाजयुमो नेता नंदू जलक्षत्री, जिला उपाध्यक्ष आकाश पांडे, जतिन रूपरेला, दिगेश साहू, अभिषेक पांडे, खुशाल ठाकुर, आयुष दुबे, दीपक राव, भुनेश्वर साहू, कुशल साहू, हितेश मांकड़े सहित बड़ी संख्या में भाजयुमो पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

इन्हें भी पढ़े