तुमगांव स्कूल में करियर काउंसलिंग, छात्रों को मिली भविष्य की राह चुनने की प्रेरणा

बढ़व संगवारी संस्था के विशेषज्ञों ने 12वीं के बाद के करियर विकल्प, समय प्रबंधन, स्वास्थ्य और व्यक्तित्व विकास पर किया मार्गदर्शन
महासमुंद। तुमगांव स्थित शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में रायपुर की सामाजिक संस्था बढ़व संगवारी के तत्वावधान में करियर काउंसलिंग एवं व्यक्तित्व विकास कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यालय के 150 से अधिक छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर अपने उज्ज्वल भविष्य के निर्माण के लिए विशेषज्ञों से महत्वपूर्ण जानकारी प्राप्त की।
कार्यक्रम के मुख्य वक्ता राधेश्याम बघेल ने विद्यार्थियों को करियर काउंसलिंग के महत्व से अवगत कराते हुए 12वीं कक्षा के बाद उपलब्ध विभिन्न पाठ्यक्रमों, प्रतियोगी परीक्षाओं तथा सरकारी एवं निजी संस्थानों में प्रवेश की संभावनाओं पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने विद्यार्थियों से अपनी रुचि और क्षमता के अनुरूप लक्ष्य निर्धारित कर योजनाबद्ध तैयारी करने का आह्वान किया।
सेवानिवृत्त सहायक प्राध्यापक शिव कुमार वर्मा ने विद्यार्थियों को प्रभावी अध्ययन पद्धति, समय प्रबंधन और परीक्षा की बेहतर तैयारी के व्यावहारिक सुझाव दिए। उन्होंने कहा कि सफलता का कोई शॉर्टकट नहीं होता, बल्कि सही दिशा, अनुशासित दिनचर्या और निरंतर मेहनत से हर लक्ष्य प्राप्त किया जा सकता है।
कार्यक्रम में डॉ. मीरा बघेल ने किशोरावस्था में होने वाले शारीरिक एवं मानसिक परिवर्तनों की जानकारी देते हुए विद्यार्थियों को संतुलित आहार, स्वास्थ्य और मानसिक सशक्तता के प्रति जागरूक किया। वहीं संस्था की समन्वयक रामेश्वरी परगनिहा ने प्रेरणादायक कहानी के माध्यम से विद्यार्थियों को कठिन परिस्थितियों से घबराए बिना आत्मविश्वास के साथ अपने लक्ष्य की ओर निरंतर आगे बढ़ने की प्रेरणा दी।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने करियर, प्रतियोगी परीक्षाओं, उच्च शिक्षा और भविष्य की संभावनाओं से जुड़े विभिन्न प्रश्न पूछे, जिनका संस्था के विशेषज्ञों ने विस्तारपूर्वक समाधान किया।
विद्यालय के प्राचार्य सुरेन्द्र मानिकपुरी ने बढ़व संगवारी संस्था की पूरी टीम का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे मार्गदर्शन कार्यक्रम विद्यार्थियों को सही दिशा देने के साथ उनके आत्मविश्वास और व्यक्तित्व विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने संस्था के इस सहयोग को सराहनीय बताते हुए भविष्य में भी ऐसे आयोजन जारी रखने की अपेक्षा व्यक्त की।