पुलिस के हत्थे चढ़े दो अंतरराज्यीय गांजा तस्कर, 8.210 किलो गांजा जब्त
ओडिशा के दो आरोपियों को सुरंगी नाला के पास नाकाबंदी में दबोचा, तस्करी में प्रयुक्त बाइक भी जब्त
महासमुंद। जिले में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सरायपाली पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो अंतरराज्यीय गांजा तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 8.210 किलोग्राम अवैध गांजा तथा तस्करी में प्रयुक्त एक मोटरसाइकिल जब्त की है। जब्त गांजे की कीमत 1 लाख 64 हजार 200 रुपये तथा मोटरसाइकिल की कीमत 50 हजार रुपये आंकी गई है। कुल जब्त संपत्ति का मूल्य 2 लाख 14 हजार 200 रुपये है।
पुलिस के अनुसार, एंटी नारकोटिक टास्क फोर्स और सरायपाली पुलिस ने 10 जुलाई 2026 को मुखबिर से सूचना मिली कि दो व्यक्ति मोटरसाइकिल से अवैध गांजा लेकर गुजरने वाले हैं। सूचना के आधार पर पुलिस ने ग्राम तोरेसिंहा स्थित सुरंगी नाला के पास नाकाबंदी कर संदिग्धों को रोककर तलाशी ली।
तलाशी के दौरान आरोपियों के पास से 8.210 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। इसके बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया तथा उनके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान संजय जाल (43 वर्ष) निवासी चिंदागुड़ा, थाना सिघेकेला, जिला बलांगीर (ओडिशा) तथा श्रीधर सोना (42 वर्ष) निवासी सोलेमुड़गा, थाना सिघेकेला, जिला बलांगीर (ओडिशा) के रूप में हुई है।
