7 वार्डों में नई राशन दुकानों का विधायक ने किया शुभारंभ

हर पात्र हितग्राही तक खाद्य सुरक्षा योजनाओं का लाभ पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता, पारदर्शी और समयबद्ध वितरण के दिए निर्देश
महासमुंद। शहर के विभिन्न सात वार्डों में आम नागरिकों को खाद्यान्न वितरण की बेहतर, सुगम एवं पारदर्शी व्यवस्था उपलब्ध कराने के उद्देश्य से विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा ने नवीन उचित मूल्य (राशन) दुकानों का उद्घाटन किया। उन्होंने फीता काटकर नई राशन दुकानों का शुभारंभ किया और संबंधित समितियों व कर्मचारियों को हितग्राहियों को समयबद्ध, नियमित एवं पारदर्शी तरीके से खाद्यान्न वितरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा ने कहा कि केंद्र एवं प्रदेश सरकार गरीब, जरूरतमंद एवं पात्र परिवारों को खाद्य सुरक्षा उपलब्ध कराने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। नई राशन दुकानों के संचालन से संबंधित वार्डों के नागरिकों को अपने क्षेत्र में ही खाद्यान्न उपलब्ध होगा, जिससे उन्हें दूर जाने की आवश्यकता नहीं पड़ेगी और वितरण व्यवस्था अधिक सुविधाजनक एवं प्रभावी बनेगी।
उन्होंने कहा कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसके लिए आवश्यक है कि राशन वितरण व्यवस्था पूरी तरह पारदर्शी, नियमित और व्यवस्थित रहे। विधायक ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि किसी भी पात्र हितग्राही को खाद्यान्न प्राप्त करने में किसी प्रकार की परेशानी न हो तथा सभी को निर्धारित समय पर राशन उपलब्ध कराया जाए।
कार्यक्रम के दौरान विधायक श्री सिन्हा ने नागरिकों से शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की। उन्होंने कहा कि सरकार की मंशा है कि प्रत्येक पात्र परिवार तक योजनाओं का लाभ बिना किसी भेदभाव और परेशानी के पहुंचे।
उद्घाटन कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष ऐतराम साहू, पूर्व विधायक डॉ. विमल चोपड़ा, नगर पालिका उपाध्यक्ष देवीचंद राठी, वरिष्ठ भाजपा नेता संदीप दीवान, पवन पटेल, एम.आर. विश्वनाथन, संदीप घोष, गोविंद ठाकुर, अनुज पांडेय, कल्पना सूर्यवंशी, शुभ्रा शर्मा, दिनेश रूपरेला सहित संबंधित वार्डों के पार्षद, समिति के पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में वार्डवासी उपस्थित रहे।