राम मंदिर चढ़ावा मामले की न्यायिक जांच हो, दोषियों पर हो कड़ी कार्रवाई : द्वारिकाधीश यादव
जिला कांग्रेस अध्यक्ष ने कथित अनियमितताओं पर उठाए सवाल, श्रद्धालुओं की आस्था से जुड़ा बताया मामला
महासमुंद। जिला कांग्रेस कमेटी महासमुंद के अध्यक्ष एवं खल्लारी विधायक द्वारिकाधीश यादव ने अयोध्या स्थित श्रीराम जन्मभूमि मंदिर में श्रद्धालुओं द्वारा अर्पित चढ़ावे में कथित अनियमितताओं और चंदा चोरी के सामने आए आरोपों को गंभीर बताते हुए पूरे मामले की उच्चस्तरीय एवं निष्पक्ष न्यायिक जांच कराने की मांग की है।
द्वारिकाधीश यादव ने कहा कि भगवान श्रीराम करोड़ों देशवासियों की आस्था के केंद्र हैं। श्रद्धालु पूर्ण श्रद्धा और विश्वास के साथ मंदिर में दान एवं चढ़ावा अर्पित करते हैं। ऐसे में यदि उस धन के दुरुपयोग या कथित चोरी जैसे आरोप सामने आते हैं, तो यह केवल आर्थिक अनियमितता का मामला नहीं, बल्कि करोड़ों रामभक्तों की आस्था से जुड़ा गंभीर विषय है।
उन्होंने मांग की कि पूरे प्रकरण की जांच किसी स्वतंत्र एजेंसी अथवा न्यायिक आयोग से कराई जाए, ताकि सत्य सामने आ सके और यदि किसी स्तर पर अनियमितता हुई है तो दोषियों के विरुद्ध कानून के अनुसार कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके। उन्होंने कहा कि देश की जनता को यह जानने का अधिकार है कि श्रद्धालुओं द्वारा भगवान श्रीराम के नाम पर दिए गए चढ़ावे का उपयोग किस प्रकार किया गया और यदि कोई गड़बड़ी हुई है तो उसके लिए कौन जिम्मेदार है।
कांग्रेस जिलाध्यक्ष ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ लंबे समय से राम मंदिर आंदोलन एवं उसके प्रबंधन से जुड़े रहे हैं। इसलिए इस मामले में उनकी नैतिक जिम्मेदारी बनती है कि वे देशवासियों के समक्ष स्थिति स्पष्ट करें और निष्पक्ष जांच में पूरा सहयोग दें।
यादव ने स्पष्ट किया कि कांग्रेस पार्टी किसी भी धार्मिक संस्था या लोगों की आस्था के खिलाफ नहीं है। पार्टी का उद्देश्य श्रद्धालुओं की भावनाओं का सम्मान करते हुए मंदिरों में प्राप्त दान और चढ़ावे की पवित्रता, पारदर्शिता एवं जवाबदेही सुनिश्चित करना है। उन्होंने केंद्र सरकार से मांग की कि मामले की निष्पक्ष जांच कराकर दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाए, ताकि देशवासियों का विश्वास और आस्था कायम रह सके।
