दीदी ई-रिक्शा सहायता योजना से राजकुमारी बनीं आत्मनिर्भर, विधायक ने सौंपी ई-रिक्शा
श्रम विभाग की योजना के तहत मिली सहायता, स्वरोजगार से परिवार की आर्थिक स्थिति होगी मजबूत
महासमुंद। श्रम विभाग की जनकल्याणकारी दीदी ई-रिक्शा सहायता योजना के तहत मंगलवार को विधायक कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में ग्राम खरोरा निवासी राजकुमारी कुर्रे को स्वरोजगार के लिए ई-रिक्शा प्रदान किया गया। विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा ने उन्हें ई-रिक्शा की चाबी सौंपते हुए उज्ज्वल भविष्य और सफल आजीविका के लिए शुभकामनाएं दीं।
राजकुमारी कुर्रे ने बताया कि वह मजदूर वर्ग से हैं और श्रम विभाग में पंजीकृत श्रमिक हैं। योजना की जानकारी मिलने पर उन्होंने आवश्यक दस्तावेजों के साथ आवेदन किया था। विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा की अनुशंसा के बाद उन्हें योजना का लाभ मिला, जिससे अब वे ई-रिक्शा चलाकर आत्मनिर्भर बन सकेंगी।
इस अवसर पर विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा ने कहा कि दीदी ई-रिक्शा सहायता योजना के माध्यम से पंजीकृत महिला निर्माण श्रमिकों एवं असंगठित कर्मकारों को ई-रिक्शा खरीदने के लिए अनुदान उपलब्ध कराया जा रहा है। इस योजना का उद्देश्य महिलाओं को स्वरोजगार उपलब्ध कराकर उन्हें आर्थिक रूप से सशक्त और आत्मनिर्भर बनाना है।
उन्होंने कहा कि केंद्र एवं राज्य सरकार श्रमिक परिवारों के आर्थिक उत्थान के लिए अनेक जनकल्याणकारी योजनाओं का प्रभावी संचालन कर रही हैं। ई-रिक्शा जैसे स्वरोजगार के साधन उपलब्ध होने से हितग्राहियों को सम्मानजनक आजीविका के साथ परिवार की आर्थिक स्थिति मजबूत करने का अवसर मिलेगा।
योजना का लाभ मिलने पर राजकुमारी कुर्रे ने राज्य शासन एवं विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा के प्रति आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम में नगर पालिका उपाध्यक्ष देवीचंद राठी, भाजपा नेता गोविंद ठाकुर, रेखा बेहरा, हनीश बग्गा, दिनेश रूपरेला, शरद मराठा, रामेश्वर पटवा, नईम खान तथा गुड्डा सिन्हा सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। सभी ने हितग्राही को नए स्वरोजगार के लिए शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
