बसना बाजार में सात दुकानों के ताले टूटे, व्यापारियों में आक्रोश
महासमुंद। बसना के व्यस्त बाजार क्षेत्र में रविवार देर रात अज्ञात चोरों ने एक के बाद एक सात दुकानों को निशाना बनाते हुए ताले तोड़कर चोरी की वारदात को अंजाम दिया। घटना के बाद व्यापारियों में भारी आक्रोश व्याप्त है।
जानकारी के अनुसार चोरों ने भारत मोबाइल रिपेयरिंग सेंटर, राधे कपड़ा बाजार, लक्ष्मी चॉइस सेंटर (कन्याशाला) तथा वाधवा कॉम्प्लेक्स स्थित दो दुकानों सहित कुल सात प्रतिष्ठानों में चोरी की। सोमवार सुबह घटना की जानकारी मिलते ही बाजार क्षेत्र में हड़कंप मच गया और बड़ी संख्या में व्यापारी मौके पर पहुंच गए।
घटना के विरोध में बसना व्यापारी महासंघ के पदाधिकारी एवं व्यापारी बसना थाना पहुंचे और थाना प्रभारी शरद दुबे को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में रात्रिकालीन पुलिस गश्त बढ़ाने, चोरी की घटनाओं का शीघ्र खुलासा कर आरोपियों की गिरफ्तारी, प्रमुख चौक-चौराहों पर नियमित ट्रैफिक पुलिस की तैनाती तथा बाजार क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़ करने की मांग की गई।
व्यापारी महासंघ का कहना है कि लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से व्यापारियों में भय का माहौल है। उन्होंने संदिग्ध व्यक्तियों पर निगरानी बढ़ाने, नियमित पेट्रोलिंग करने तथा सीसीटीवी कैमरों की प्रभावी मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने की मांग की।
थाना प्रभारी शरद दुबे ने व्यापारियों को आश्वस्त करते हुए कहा कि पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। घटनास्थलों के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है तथा संदिग्धों की तलाश तेज कर दी गई है। उन्होंने जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी का भरोसा दिलाया।
