सार्वजनिक स्थान पर तलवार लहराकर लोगों को डराने वाला युवक गिरफ्तार

आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर तलवार जब्त
महासमुंद। जिले के बसना थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पिरदा में सार्वजनिक स्थान पर धारदार तलवार लहराकर लोगों में दहशत फैलाने वाले एक युवक को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से एक धारदार तलवार जब्त कर उसके विरुद्ध आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी गई है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 4 जुलाई को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई थी कि ग्राम पिरदा के चनाट चौक के पास एक युवक हाथ में धारदार तलवार लेकर लहरा रहा है तथा आसपास मौजूद लोगों को डरा-धमका रहा है। सूचना मिलते ही बसना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर युवक को पकड़ लिया।
पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम पिंकूराज भोई (24 वर्ष), निवासी ग्राम पिरदा बताया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से एक धारदार तलवार बरामद हुई, जिसे पुलिस ने जब्त कर लिया। आरोपी के विरुद्ध आर्म्स एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई करते हुए मामले की विवेचना की जा रही है।
पुलिस ने कहा है कि सार्वजनिक शांति भंग करने और कानून व्यवस्था प्रभावित करने वाले असामाजिक तत्वों के विरुद्ध आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

इन्हें भी पढ़े