तीन बीज संस्थानों में अनियमितताएं, कृषि विभाग ने जारी किए कारण बताओ नोटिस
बीज भंडारण और अभिलेखों में मिलीं खामियां, निरीक्षण अभियान रहेगा जारी
महासमुंद। खरीफ सीजन के दौरान किसानों को गुणवत्तापूर्ण बीज उपलब्ध कराने के उद्देश्य से कृषि विभाग की जिला स्तरीय निरीक्षण टीम ने ग्राम लभराखुर्द स्थित तीन बीज संस्थानों का औचक निरीक्षण किया। जांच में निर्धारित मानकों के उल्लंघन की पुष्टि होने पर संबंधित फर्मों को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया।
निरीक्षण के दौरान मेसर्स प्रांकुर बीज उत्पादक कल्याण समिति, मेसर्स श्री गंगा सीड्स तथा मेसर्स अन्ना सीड्स में बीज भंडारण, अभिलेख संधारण एवं अन्य आवश्यक मानकों में अनियमितताएं पाई गईं। कृषि विभाग ने तीनों संस्थानों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई शुरू कर दी है।
उप संचालक कृषि एफ.आर. कश्यप ने कहा कि किसानों के हितों से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। जिलेभर में निरीक्षण अभियान लगातार जारी रहेगा तथा नियमों का उल्लंघन करने वाले बीज विक्रेताओं के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने किसानों से केवल अधिकृत विक्रेताओं से बीज खरीदने, पक्का बिल लेने तथा किसी भी अनियमितता की शिकायत वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी या उप संचालक कृषि कार्यालय में दर्ज कराने की अपील की है।
