औद्योगिक इकाइयों में जांच, श्रम कानून उल्लंघन सहित कई अनियमितताएं मिलीं

वामा डेयरी और बिरकोनी की इकाइयों को नोटिस, परिवहन विभाग ने किया चालानी कार्रवाई
महासमुंद। जिले में औद्योगिक इकाइयों की कार्यप्रणाली की जांच के लिए गठित संयुक्त जांच दल ने तुमगांव स्थित वामा डेयरी तथा बिरकोनी की औद्योगिक इकाइयों का औचक निरीक्षण किया। जांच के दौरान श्रम कानूनों के उल्लंघन, सुरक्षा मानकों की अनदेखी, बिना फिटनेस वाले वाहनों के संचालन समेत कई अनियमितताएं मिलने पर संबंधित प्रबंधन के खिलाफ नोटिस जारी कर नियमानुसार कार्रवाई शुरू की गई है।
वामा डेयरी में निरीक्षण के दौरान श्रमिकों को समय पर वेतन नहीं दिए जाने तथा व्यक्तिगत सुरक्षा उपकरण (पीपीई) उपलब्ध नहीं कराने की शिकायत मिली। परिवहन विभाग ने दो वाहन बिना फिटनेस प्रमाणपत्र के संचालित पाए, जिन पर 8,800 रुपये का समन शुल्क वसूला गया। श्रम विभाग की जांच में सूचना बोर्ड एवं श्रम कानूनों का सारांश प्रदर्शित नहीं होना तथा आवश्यक अभिलेख उपलब्ध नहीं कराए जाने की पुष्टि हुई। हालांकि उद्योग एवं पर्यावरण विभाग की जांच में कोई अनियमितता नहीं मिली।
बिरकोनी स्थित शुभम ऑर्गेनिक में वैध कारखाना लाइसेंस नहीं मिला और निरीक्षण के समय इकाई बंद पाई गई। वहीं जेनिथ एग्रीजोन में श्रमिकों को पीपीई उपलब्ध नहीं कराना, पर्याप्त अग्निशमन यंत्र नहीं होना तथा कार्य अवधि संबंधी सूचना प्रदर्शित नहीं करना जैसी कमियां सामने आईं। परिवहन विभाग ने एक वाहन बिना फिटनेस प्रमाणपत्र तथा चार वाहनों में हाई सिक्योरिटी रजिस्ट्रेशन प्लेट (एचएसआरपी) नहीं मिलने पर नोटिस जारी किया। श्रम विभाग की जांच में सूचना बोर्ड का अभाव, श्रमिकों से ओवरटाइम कार्य कराना, आवश्यक अभिलेख प्रस्तुत नहीं करना तथा निर्धारित दर से कम वेतन भुगतान किए जाने की अनियमितताएं पाई गईं। सभी मामलों में संबंधित प्रबंधन के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है।