सोमनाथ स्वाभिमान यात्रा से लौटे जिले के कलाकारों ने कलेक्टर से की सौजन्य भेंट

नशामुक्त भारत सप्ताह के विजेताओं का हुआ सम्मान
मोहला 30 जून 2026। सोमनाथ (गुजरात) में आयोजित स्वाभिमान यात्रा में जिले का प्रतिनिधित्व कर लौटे 20 लोक कलाकारों एवं साहित्यकारों के दल ने कलेक्ट्रेट कार्यालय सभाकक्ष में कलेक्टर श्रीमती तुलिका प्रजापति से सौजन्य भेंट की। यह यात्रा 22 से 26 जून 2026 तक आयोजित की गई थी। यात्रा के दौरान 24 जून 2026 को सोमनाथ मंदिर परिसर में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में जिले के कलाकारों ने मानपुर की ओडिसी नृत्यांगना सुश्री माधुरी पुरामे तथा मोहला के लोक कलाकार लक्ष्मी निषाद के नेतृत्व में शिवलोक (मानपुर) की पावन माटी एवं शिवनाथ नदी के पवित्र जल से भरे कलश को सोमनाथ मंदिर में समर्पित किया। इसके पश्चात जिले के प्रतिनिधिमंडल ने छत्तीसगढ़ के विभिन्न पद्मश्री एवं राज्य अलंकरण प्राप्त कलाकारों से भेंट कर जिले की समृद्ध लोक एवं सांस्कृतिक परंपरा का परिचय दिया। कलाकारों ने यात्रा के सफल आयोजन के लिए माननीय मुख्यमंत्री विष्णु देव साय एवं जिला प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर कलेक्टर श्रीमती तुलिका प्रजापति ने 17 से 26 जून 2026 को आयोजित नशामुक्त भारत सप्ताह अंतर्गत चित्रकला एवं निबंध प्रतियोगिताओं के विजेता छात्र-छात्राओं को सम्मानित कर उन्हें शुभकामनाएं एवं बधाई दी। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों में रचनात्मकता, सामाजिक जागरूकता और नशामुक्त समाज के निर्माण के प्रति सकारात्मक सोच विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।
चित्रकला प्रतियोगिता में काम्या भूआर्य, ज्योति यादव तथा गुंजन नेताम ने अलग-अलग वर्गवार प्रथम स्थान प्राप्त किया। वहीं निबंध प्रतियोगिता में लोकेश्वरी नायक ने द्वितीय, डिम्पल नायक तृतीय रही। कलेक्टर श्रीमती तुलिका प्रजापति ने सभी प्रतिभागियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए विजेताओं को सम्मानित किया और उन्हें समाज में नशामुक्ति के प्रति जनजागरूकता फैलाने में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया।