376 लीटर अवैध शराब और दो वाहन जब्त

तीन गैर-जमानती प्रकरण दर्ज, एक आरोपी गिरफ्तार; दो आरोपी फरार
महासमुंद। जिले में अवैध मदिरा के परिवहन और भंडारण पर अंकुश लगाने के लिए आबकारी विभाग द्वारा लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में 16 और 17 जून को विशेष अभियान चलाकर आबकारी टीम ने 376 लीटर अवैध शराब तथा दो वाहनों को जब्त किया है। कार्रवाई के दौरान तीन गैर-जमानती प्रकरण दर्ज किए गए, जिनमें एक आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया, जबकि दो अन्य आरोपी मौके से फरार हो गए।
जिला आबकारी अधिकारी अजय कुमार पाण्डेय के मार्गदर्शन में संचालित अभियान के तहत महासमुंद शहर क्षेत्र में गश्त के दौरान एक सुजुकी रिट्ज चारपहिया वाहन से 120 लीटर विदेशी मदिरा (माल्ट) बरामद की गई। इसके साथ ही वाहन को भी जब्त कर लिया गया।
वहीं बागबाहरा क्षेत्र के ग्राम खुडमुड़ी घाट में आबकारी टीम ने कार्रवाई करते हुए ओडिशा निर्मित 280 पाउच अवैध मदिरा (56 लीटर) तथा एक दोपहिया वाहन जब्त किया। इसके अलावा ग्राम खेमड़ा घाट से ओडिशा राज्य निर्मित 1000 पाउच अवैध मदिरा (200 लीटर) बरामद की गई।
आबकारी विभाग के अनुसार कार्रवाई के दौरान कुल 376 लीटर अवैध शराब और दो वाहन जब्त किए गए हैं। जब्त सामग्री और वाहनों का अनुमानित बाजार मूल्य 2 लाख 39 हजार 600 रुपये आंका गया है।
गिरफ्तार आरोपी के विरुद्ध छत्तीसगढ़ आबकारी अधिनियम, 1915 की धारा 34(1)(क), 34(2) एवं 59(क) के तहत प्रकरण दर्ज कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
इस कार्रवाई में आबकारी उपनिरीक्षक शिवशंकर नेताम एवं नितेश सिंह बैस, प्रधान आरक्षक संजय मरकाम तथा आरक्षक सैय्यद इरफान अली, गेवेश सिन्हा और सौरभ सिंह सेन सहित महासमुंद और बागबाहरा वृत्त के अधिकारियों एवं कर्मचारियों की सक्रिय भूमिका रही।