सोते युवक पर धारदार हथियार से हमला, हत्या के प्रयास का मामला दर्ज

सिर पर वार कर आरोपी फरार, पांच दिन अस्पताल में चला इलाज
महासमुंद। सरायपाली थाना क्षेत्र में एक युवक पर सोते समय धारदार हथियार से जानलेवा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
परसुराम अजगल्ले (27) ने पुलिस को बताया कि 10 जून की रात भोजन करने के बाद वह अपने परिवार के साथ घर के आंगन में खाट पर सोया हुआ था। उसके पास मां रामिन बाई, पिता रेशम लाल और पत्नी चेतन अजगल्ले भी सो रहे थे। रात करीब 10 बजे अचानक उसके सिर पर किसी ने धारदार वस्तु से हमला कर दिया, जिससे वह बेहोश हो गया।
परिजनों और पड़ोसियों ने उसे तत्काल अस्पताल पहुंचाया। बाद में उसे बसना के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां 11 से 15 जून तक उसका उपचार चला। होश आने पर परिजनों ने बताया कि घटना के समय उन्होंने मोहन अजगल्ले को वहां से भागते देखा था। शिकायतकर्ता ने बताया कि आरोपी पूर्व में भी धमकी देता था। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ बीएनएस की धारा 109 के तहत अपराध दर्ज किया है।