जिला अस्पताल में मारपीट, दोनों पक्ष ने दर्ज कराई शिकायत
कैंटीन कर्मचारी ने लगाया थप्पड़ मारने और गाली-गलौज का आरोप
महासमुंद। जिला अस्पताल के डिलीवरी वार्ड में हुई मारपीट की घटना में दूसरे पक्ष की ओर से भी सिटी कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। खरोरा निवासी शीतल धीवर ने अस्पताल परिसर में मारपीट किए जाने की शिकायत पुलिस से की है।
शीतल धीवर ने बताया कि वह जिला अस्पताल की कैंटीन में खाना बनाने और मरीजों को भोजन वितरित करने का कार्य करती है। 15 जून की शाम करीब 4 से 5 बजे के बीच वह अपने सहकर्मी के साथ डिलीवरी वार्ड से जूठे बर्तन लेने गई थी। लौटते समय ओटी कक्ष के सामने दुलेश्वर सेन महिला सुरक्षा गार्ड कांति बाई के साथ गाली-गलौज कर रहा था।
शीतल और उसके सहकर्मी ने दुलेश्वर सेन को समझाइश देते हुए वहां से जाने को कहा। आरोप है कि इससे नाराज होकर दुलेश्वर सेन ने दोनों को गालियां दीं और शीतल को थप्पड़ मार दिया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ बीएनएस की धारा 115(2) एवं 296 के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
