फाइनेंस कंपनी के 22.66 लाख रुपये गबन मामले में दो और आरोपी गिरफ्तार

भारत फाइनेंशियल इंक्लूजन लिमिटेड की सरायपाली शाखा में हुए लाखों रुपये के गबन का मामला, अब तक तीन आरोपी जेल भेजे गए
महासमुंद। भारत फाइनेंशियल इंक्लूजन लिमिटेड की सरायपाली शाखा में ग्राहकों से वसूली गई राशि का गबन कर फरार हुए दो आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। करीब एक वर्ष से फरार चल रहे आरोपियों को तकनीकी जांच, कॉल डिटेल रिकॉर्ड (सीडीआर) विश्लेषण और मुखबिर की सूचना के आधार पर पकड़ा गया। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
पुलिस के अनुसार, क्षेत्रीय प्रबंधक हेमेन्द्र राजाराम जनबंधु की रिपोर्ट पर थाना सरायपाली में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 316(5) एवं 3(5) के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया था।
शाखा के कर्मचारियों ने मिलकर किया था 22.66 लाख रुपये का गबन
शिकायत में बताया गया कि भारत फाइनेंशियल इंक्लूजन लिमिटेड, जो इंडसइंड बैंक की पूर्ण स्वामित्व वाली कंपनी है, ग्रामीण क्षेत्रों में वित्तीय सेवाएं एवं ऋण उपलब्ध कराने का कार्य करती है। जांच में सामने आया कि सरायपाली शाखा में पदस्थ शाखा प्रबंधक, फील्ड मैनेजर एवं क्रेडिट मैनेजर ने ग्राहकों से वसूली गई राशि बैंक खाते में जमा न कर उसका गबन किया।
जांच के दौरान पाया गया कि, शाखा प्रबंधक शुभम पाणिग्राही ने 16 हितग्राहियों से वसूले गए 5,35,869 रुपये जमा नहीं किए।
फील्ड मैनेजर दीपक कुमार ने 16 हितग्राहियों से वसूले गए 1,58,961 रुपये का गबन किया।
फील्ड मैनेजर रोहन प्रधान ने 55 हितग्राहियों से वसूले गए 5,54,583 रुपये जमा नहीं किए।
क्रेडिट मैनेजर प्रमोद महंत ने 16 हितग्राहियों से वसूले गए 10,17,232 रुपये का गबन किया।
चारों कर्मचारियों द्वारा कुल 22 लाख 66 हजार 645 रुपये की राशि का गबन किए जाने की पुष्टि होने पर मामला दर्ज किया गया था।
तकनीकी जांच से मिली सफलता
प्रकरण दर्ज होने के बाद से आरोपी फरार चल रहे थे। पुलिस लगातार उनकी तलाश में जुटी हुई थी। जांच के दौरान आरोपियों के मोबाइल नंबरों का सीडीआर विश्लेषण, तकनीकी साक्ष्यों का संकलन तथा मुखबिरों से प्राप्त सूचनाओं के आधार पर कार्रवाई की गई।
इसी क्रम में 8 जून 2026 को पुलिस ने दो फरार आरोपियों रोहन प्रधान (24 वर्ष), निवासी झगरेंडीह, थाना पिथौरा तथा प्रमोद महंत (34 वर्ष), निवासी पुसलदा, थाना छाल, जिला रायगढ़ को गिरफ्तार कर लिया।
पहले भी हो चुकी है एक गिरफ्तारी
इस मामले में पुलिस इससे पहले 14 मार्च 2026 को मुख्य आरोपी शुभम पाणिग्राही (30 वर्ष), निवासी सिंघोड़ा, जिला महासमुंद को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। वहीं एक अन्य आरोपी की तलाश अभी भी जारी है।
गिरफ्तार आरोपी
रोहन प्रधान, पिता नारायण प्रधान, उम्र 24 वर्ष, निवासी झगरेंडीह, थाना पिथौरा।
प्रमोद महंत, पिता धरमदास महंत, उम्र 34 वर्ष, निवासी पुसलदा, थाना छाल, जिला रायगढ़।
पूर्व में गिरफ्तार आरोपी
शुभम पाणिग्राही, पिता देवेंद्र पाणिग्राही, उम्र 30 वर्ष, निवासी सिंघोड़ा, जिला महासमुंद को 14 मार्च 2026 को गिरफ्तार किया जा चुका है। पुलिस के अनुसार मामले की विवेचना जारी है तथा शेष आरोपी की तलाश की जा रही है।

इन्हें भी पढ़े