बंधापार में गहराया पेयजल संकट, समाधान की मांग लेकर जनपद पंचायत पहुंचे ग्रामीण

महिलाओं और जनप्रतिनिधियों ने सौंपा ज्ञापन, बोर खनन व 2000 लीटर पानी टंकी स्थापित करने की उठाई मांग
महासमुंद। जिले के बागबाहरा विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत सूअरमार के आश्रित ग्राम बंधापार में गंभीर पेयजल संकट को लेकर ग्रामीणों का आक्रोश सामने आया है। समस्या के स्थायी समाधान की मांग को लेकर बड़ी संख्या में ग्रामीण महिलाएं, जनप्रतिनिधि एवं ग्रामीण सरपंच के नेतृत्व में जनपद पंचायत कार्यालय पहुंचे और अधिकारियों का ध्यान इस ओर आकर्षित कराया।
ग्रामीणों ने बताया कि बंधापार गांव में लंबे समय से पेयजल की गंभीर समस्या बनी हुई है। गांव के अधिकांश हैंडपंप एवं अन्य जलस्रोत या तो सूख चुके हैं या पर्याप्त मात्रा में पानी उपलब्ध नहीं करा पा रहे हैं। इसके कारण ग्रामीणों को रोजमर्रा की जरूरतों के लिए दूर-दराज क्षेत्रों से पानी लाने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है।
ग्रामीण महिलाओं ने बताया कि भीषण गर्मी के कारण स्थिति और अधिक गंभीर हो गई है। पानी की कमी से घरेलू कार्यों के साथ-साथ दैनिक जीवन भी बुरी तरह प्रभावित हो रहा है। उन्होंने कहा कि समय रहते समस्या का समाधान नहीं होने पर ग्रामीणों को और अधिक परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है।
इस दौरान जनपद पंचायत अध्यक्ष केशव नायकराम चंद्राकर ने ग्रामीणों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं। ग्रामीणों ने उन्हें गांव में व्याप्त पेयजल संकट की विस्तृत जानकारी देते हुए शीघ्र समाधान की मांग की।
ग्रामीणों ने जनपद पंचायत अध्यक्ष को ज्ञापन सौंपकर गांव में तत्काल नए नलकूप (बोर) का खनन कराने तथा 2000 लीटर क्षमता की पानी टंकी स्थापित करने की मांग की। उनका कहना है कि इन व्यवस्थाओं से गांव में पेयजल संकट से काफी हद तक राहत मिल सकेगी।
जनपद पंचायत अध्यक्ष केशव नायकराम चंद्राकर ने ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि उनकी समस्या को गंभीरता से लिया जाएगा और शीघ्र समाधान के लिए आवश्यक पहल की जाएगी।
इस अवसर पर गीता रानी टंडन, भूरी बाई, पुष्पा बाई, पूर्णिमा बाई, विशाखा बाई, विश्वशा बाई, शंभू, भाग, सोहन, नेहा बाई, सयारिन, दामिनी, सितरानी, सोनू, देवेंद्र, छगन, मोहन, शिवाय, मनोहर, मुरली, दिलराम, अनंत, शीतल, टेकचंद सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं महिलाएं उपस्थित रहीं। सभी ने एक स्वर में गांव के पेयजल संकट के स्थायी समाधान की मांग दोहराई।

इन्हें भी पढ़े