अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई, 75 लीटर महुआ शराब जब्त

सरायपाली, बसना और सांकरा में पुलिस रेड; स्कूटी समेत 95 हजार रुपये की संपत्ति जब्त, चार आरोपी गिरफ्तार
महासमुंद। जिले में अवैध शराब के निर्माण, बिक्री और परिवहन के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पुलिस ने मंगलवार को तीन अलग-अलग थाना क्षेत्रों में कार्रवाई करते हुए 75 लीटर अवैध महुआ शराब जब्त की। इस दौरान परिवहन में प्रयुक्त एक एक्टिवा स्कूटी सहित कुल 95 हजार रुपये की संपत्ति जब्त कर चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। सभी के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।
पुलिस के अनुसार, जिले में एंटी नारकोटिक टास्क फोर्स तथा सभी थाना एवं चौकी क्षेत्रों द्वारा अवैध शराब कारोबारियों के विरुद्ध लगातार अभियान चलाया जा रहा है।
जोगनीपाली मोड़ पर स्कूटी से 60 लीटर शराब बरामद
सरायपाली पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि बिना नंबर की एक्टिवा स्कूटी में दो युवक अवैध महुआ शराब लेकर ग्राम अर्जुंडा की ओर से आ रहे हैं। सूचना पर पुलिस ने ग्राम जोगनीपाली मोड़ के पास घेराबंदी कर वाहन को रोका।
पूछताछ में चालक ने अपना नाम कुंदन तांडी (22 वर्ष), निवासी पैकिन थाना सिंघोड़ा तथा पीछे बैठे युवक ने करन चौहान (21 वर्ष), निवासी चकरदा थाना सरायपाली बताया। तलाशी के दौरान स्कूटी में रखी दो प्लास्टिक बोरियों से 60 लीटर महुआ शराब बरामद हुई, जिसकी कीमत 12 हजार रुपये आंकी गई। पुलिस ने शराब के साथ परिवहन में प्रयुक्त बिना नंबर की एक्टिवा स्कूटी भी जब्त कर ली, जिसकी कीमत लगभग 80 हजार रुपये बताई गई है। इस मामले में पुलिस ने तहत धारा 34(2) आबकारी एक्ट के अंतर्गत प्रकरण दर्ज किया गया है।
ढालम में 8 लीटर महुआ शराब के साथ आरोपी गिरफ्तार
बसना थाना क्षेत्र के ग्राम ढालम में पंचायत भवन के पीछे पुलिस ने दबिश देकर प्रभात चौहान (36 वर्ष) को अवैध रूप से महुआ शराब बिक्री के लिए रखते हुए पकड़ा। आरोपी के कब्जे से एक प्लास्टिक जरीकेन में रखी 8 लीटर महुआ शराब जब्त की गई, जिसकी कीमत 1,600 रुपये बताई गई है।
इस संबंध में पुलिस ने धारा 34(2) आबकारी एक्ट के अंतर्गत कार्रवाई की गई।
किराना दुकान के पीछे रखी मिली 7 लीटर शराब
सांकरा थाना क्षेत्र के ग्राम केसरीपुर में पुलिस ने आत्माराम पटेल (36 वर्ष) के खिलाफ कार्रवाई की। आरोपी के किराना दुकान के पीछे रखी प्लास्टिक बाल्टी से 7 लीटर महुआ शराब बरामद की गई, जिसकी कीमत 1,400 रुपये आंकी गई है। मामले में पुलिस ने धारा 34(2) आबकारी एक्ट के अंतर्गत प्रकरण दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार किया गया।
कुल 95 हजार रुपये की संपत्ति जब्त
तीनों मामलों में पुलिस ने कुल 75 लीटर अवैध महुआ शराब तथा एक एक्टिवा स्कूटी जब्त की है। जब्त संपत्ति का कुल मूल्य लगभग 95 हजार रुपये बताया गया है। पुलिस अधिकारियों ने कहा है कि जिले में अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ विशेष अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।