प्रशासन की तत्परता से भाटपारा में बहाल हुई पेयजल व्यवस्था, ग्रामीणों को मिली राहत

सूरजपुर, 03 जून 2026/जिले के जनपद पंचायत ओड़गी अंतर्गत दूरस्थ एवं सीमावर्ती चांदनी बिहारपुर क्षेत्र के ग्राम पंचायत कोल्हुआ के आश्रित ग्राम भाटपारा में पेयजल व्यवस्था को लेकर प्राप्त जानकारी पर प्रशासन एवं संबंधित विभाग ने त्वरित कार्रवाई करते हुए समस्या का समाधान सुनिश्चित किया। इससे ग्रामीणों को बड़ी राहत मिली है।
भाटपारा में विशेष पिछड़ी जनजाति पंडो समुदाय के लगभग 10-12 परिवार निवासरत हैं। बस्ती में स्थापित सोलर पावर पंप का मोटर तकनीकी खराबी के कारण प्रभावित हो गया था। जानकारी मिलते ही संबंधित विभाग द्वारा आवश्यक कार्यवाही प्रारंभ की गई और खराब मोटर पंप को निकालकर नया मोटर पंप स्थापित कर दिया गया, जिससे पेयजल व्यवस्था पुनः सुचारु हो गई है।
इस संबंध में लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग ने बताया कि ग्राम भाटपारा में पेयजल की वैकल्पिक व्यवस्था भी उपलब्ध है। बस्ती से लगभग 250 मीटर की दूरी पर विभागीय हैंडपंप स्थापित है, जो चालू स्थिति में है और ग्रामीणों को नियमित रूप से पानी उपलब्ध करा रहा है।
जिला प्रशासन का प्रयास है कि दूरस्थ और जनजातीय क्षेत्रों में रहने वाले नागरिकों को मूलभूत सुविधाएं समय पर उपलब्ध हों। इसी उद्देश्य से पेयजल व्यवस्था की सतत् निगरानी की जा रही है तथा किसी भी तकनीकी समस्या के समाधान के लिए संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं।

इन्हें भी पढ़े