कलेक्टर ने पात्र हितग्राहियों से समय-सीमा में ई-केवाईसी कराने की अपील की

सूरजपुर, 03 जून 2026/सार्वजनिक वितरण प्रणाली के अंतर्गत प्रचलित राशनकार्डों में पंजीकृत 05 वर्ष से अधिक उम्र के समस्त सदस्यों की ई-केवाईसी कराना शासन के निर्देशानुसार अनिवार्य है।
इस संबंध में कलेक्टर श्रीमती रेना जमील ने समस्त पात्र राशन कार्डधारी हितग्राहियों से अपील की है कि वे निर्धारित समय-सीमा के भीतर अपनी एवं परिवार के पात्र सदस्यों की ई-केवायसी अनिवार्य रूप से करा लें। कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया है कि अंतिम तिथि का इंतजार किए बिना मुनादी एवं व्यापक प्रचार-प्रसार के माध्यम से हितग्राहियों को जागरूक किया जाए, ताकि कोई भी पात्र व्यक्ति खाद्य सुरक्षा के लाभ से वंचित न रहे।
यह कार्य उचित मूल्य दुकानों में ई-पॉस मशीन के माध्यम से पूर्णतः निःशुल्क किया जा रहा है। हितग्राही अपना राशन कार्ड नंबर एवं आधार कार्ड लेकर स्वयं किसी भी उचित मूल्य दुकान में जाकर ई-केवायसी करा सकते हैं। इसके अतिरिक्त भारत सरकार द्वारा निर्मित ’’मेरा ई-केवायसी’’ एप के माध्यम से हितग्राही घर बैठे स्वयं भी ई-केवायसी कर सकते हैं। यह एप गूगल प्ले स्टोर पर निःशुल्क उपलब्ध है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार नगर पालिका सूरजपुर में 1,557, नगर पंचायत बिश्रामपुर में 874, नगर पंचायत शिवनंदनपुर में 512 तथा जनपद पंचायत सूरजपुर अंतर्गत ग्रामीण क्षेत्रों में 10,604 सदस्यों की ई-केवाईसी लंबित है। कुल 13,547 लंबित सदस्यों में 11,205 बीपीएल एवं 2,342 एपीएल श्रेणी के हितग्राही शामिल हैं।
कलेक्टर द्वारा सर्व अनुविभागीय अधिकारियों, समस्त नगरीय निकायों एवं ग्राम पंचायतों के संबंधितों को क्षेत्र में मुनादी व व्यापक प्रचार प्रसार के लिए निर्देशित किया गया है। इसके साथ ही लंबित सदस्यों की सूची का ग्राम सभा में प्रदर्शन कराने, राशनकार्डों में मृत एवं अन्यत्र निवासरत सदस्यों की जानकारी प्राप्त कर नियमानुसार विलोपन/संशोधन की कार्यवाही करने तथा नवीन राशन कार्ड जारी किए जाने पर ई-केवायसी उपरांत ही कार्ड प्रदाय किए जाने के निर्देश दिए गए हैं।

इन्हें भी पढ़े