जनगणना 2027 का प्रथम चरण सफलतापूर्वक संपन्न, जिले में 642 गणना ब्लॉकों का हुआ सर्वे

घर-घर पहुंची जनगणना टीम, नागरिकों के सहयोग से मकानसूचीकरण कार्य पूरा
मोहला 2 जून 2026। जनगणना 2027 के अंतर्गत जिले में प्रथम चरण मकानसूचीकरण एवं मकानों की गणना का कार्य सफलतापूर्वक संपन्न हो गया है। यह राष्ट्रीय महत्व का अभियान देश एवं राज्य के भावी विकास की दिशा तय करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। जिला प्रशासन ने बताया कि प्रथम चरण का फील्ड कार्य 1 मई 2026 से प्रारंभ होकर 30 मई 2026 को सफलतापूर्वक पूर्ण किया गया।
जनगणना का प्रथम चरण मकानसूचीकरण एवं मकानों की गणना पर आधारित था, जिसके अंतर्गत जिले के सभी ग्रामीण एवं नगरीय क्षेत्रों में प्रगणकों द्वारा घर-घर जाकर सर्वेक्षण किया गया। इस दौरान प्रत्येक मकान एवं उसमें निवासरत परिवारों से भारत सरकार द्वारा अधिसूचित 33 बिंदुओं से संबंधित जानकारी मोबाइल एप के माध्यम से संकलित की गई। इनमें मकानों की स्थिति, उपलब्ध मूलभूत सुविधाएं एवं परिवारों की परिसंपत्तियों से संबंधित जानकारी शामिल रही। संकलित आंकड़ों को भारत सरकार के सुरक्षित सर्वर में संरक्षित किया गया है।
जिला प्रशासन के अनुसार जनगणना 2027 का दूसरा चरण, जनसंख्या गणना का कार्य फरवरी 2027 में संपादित किया जाएगा। प्रथम चरण के आंकड़े दूसरे चरण के लिए आधार तैयार करेंगे, जिससे यह सुनिश्चित किया जा सके कि कोई भी मकान अथवा परिवार गणना से वंचित न रहे। जिले के सभी तहसीलों, ग्रामों एवं नगरीय क्षेत्रों में यह कार्य शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपादित किया गया। विशेष रूप से दुर्गम एवं संवेदनशील क्षेत्रों को भी पूरी तरह कवर किया गया तथा कोई भी क्षेत्र गणना कार्य से नहीं छूटा। इस दौरान जिलेवासियों का भरपूर सहयोग प्राप्त हुआ, जिससे कार्य निर्धारित समयावधि में पूर्ण हो सका।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि नागरिकों द्वारा प्रदान की गई सभी व्यक्तिगत जानकारियां जनगणना अधिनियम 1948 एवं जनगणना नियमावली 1990 के तहत पूर्णतः गोपनीय रहेंगी। इन आंकड़ों का उपयोग केवल नीति निर्माण, विकास योजनाओं के क्रियान्वयन एवं जनकल्याणकारी कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार करने के लिए किया जाएगा।
जिले में जनगणना 2027 के प्रथम चरण का कार्य 1 नगरीय निकाय एवं 5 तहसीलों में संपादित किया गया। इसके लिए 642 मकानसूचीकरण गणना ब्लॉक बनाए गए थे। अभियान को सफलतापूर्वक संपन्न कराने हेतु कुल 594 अधिकारियों एवं कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई थी, जिनमें 1 प्रमुख जनगणना अधिकारी, 5 जिला स्तरीय अधिकारी, 6 चार्ज अधिकारी, 1 मास्टर ट्रेनर, 12 फील्ड ट्रेनर, 488 प्रगणक एवं 81 पर्यवेक्षक शामिल थे।
कलेक्टर श्रीमती तुलिका प्रजापति एवं प्रमुख जनगणना अधिकारी तथा जिला जनगणना अधिकारी ने जनगणना 2027 के प्रथम चरण के सफल संपादन पर जिले के समस्त नागरिकों का आभार व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि नागरिकों के सहयोग से यह राष्ट्रीय महत्व का कार्य सफल हुआ है तथा फरवरी 2027 में आयोजित होने वाले द्वितीय चरण में भी इसी प्रकार के सहयोग की अपेक्षा है।

इन्हें भी पढ़े