प्रधानमंत्री राष्ट्रीय बाल पुरस्कार, ऑनलाइन आवेदन 31 जुलाई तक
बालोद, 02 जून 2026/भारत सरकार द्वारा देश के असाधारण क्षमताओं और उत्कृष्ट प्रतिभा वाले बच्चों को प्रोत्साहित करने के लिए प्रतिवर्ष दिए जाने वाला ’प्रधानमंत्री राष्ट्रीय बाल पुरस्कार’ के लिए ऑनलाइन आवेदन 31 जुलाई 2026 तक आमंत्रित किए गए हैं। महिला एवं बाल विकास विभाग के जिला कार्यक्रम अधिकारी ने बताया कि ’प्रधानमंत्री राष्ट्रीय बाल पुरस्कार’ के अंतर्गत बहादुरी, खेल, सामाजिक सेवा, विज्ञान व प्रौद्योगिकी, पर्यावरण, कला व संस्कृति तथा नवाचार के क्षेत्रों में असाधारण उपलब्धि हासिल करने वाले बच्चों को सम्मानित किया जाता है। इच्छुक व पात्र अभ्यर्थी वेबसाईट https://awards.gov.in पर 31 जुलाई 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। उन्होंने बताया कि ’प्रधानमंत्री राष्ट्रीय बाल पुरस्कार’ के अंतर्गत आवेदन करने वाला बालक अनिवार्य रूप से भारत का नागरिक और भारत का मूल निवासी होना चाहिए। बालक की आयु संबंधित वर्ष की 31 जुलाई को 05 वर्ष से अधिक और 18 वर्ष से अधिक नहीं होनी चाहिए। इसके साथ ही बालक द्वारा किया गए उत्कृष्ट कार्य, घटना या उसकी असाधारण उपलब्धि आवेदन की अंतिम तिथि 31 जुलाई 2026 से विगत 02 वर्ष के भीतर की होनी चाहिए।
