ग्राम पंचायत के एनओसी पर आवास एवं अन्य निर्माण कार्य के लिए नागरिक निकाल सकेंगे रेत
अवैध मुरूम एवं रेत उत्खनन पर करें कड़ी कार्रवाई: विधायक साहू
षिविर में 14 ग्रामों के नागरिकों ने सौंपे कुल 1 हजार 59 आवेदन
गरियाबंद, 25 मई 2026/ प्रदेश सरकार द्वारा संचालित सुशासन तिहार 2026 के अंतर्गत आम जनता की समस्याओं के त्वरित निराकरण हेतु लगातार जनसमस्या निवारण शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में आज फिंगेश्वर विकासखण्ड के शासकीय हाई स्कूल परिसर बोरसी में जिला स्तरीय जनसमस्या निवारण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में आसपास के 14 गांवों के ग्रामीण बड़ी संख्या में शामिल हुए और शासन की विभिन्न योजनाओं तथा सेवाओं का लाभ उठाया। शिविर में कुल 1 हजार 59 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से अधिकांश आवेदनों का मौके पर ही निराकरण करने का प्रयास किया गया। विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों में नागरिकों की समस्याएं, शिकायतें एवं मांगों को सुना गया तथा संबंधित अधिकारियों ने योजनाओं की जानकारी देते हुए ग्रामीणों को शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का अधिकाधिक लाभ लेने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम में राजिम विधायक रोहित साहू ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के मार्गदर्शन में सुशासन तिहार का आयोजन किया जा रहा है, जिसका उद्देश्य सीधे गांवों तक पहुंचकर लोगों की समस्याओं का समाधान करना है। उन्होंने भीषण गर्मी के बावजूद बड़ी संख्या में शिविर में पहुंचने पर ग्रामीणों का आभार व्यक्त किया। विधायक साहू ने ग्राम पंचायत टेका के आश्रित ग्राम कपसीडीह को स्वतंत्र राजस्व गांव बनाए जाने की घोषणा की और कहा कि विधानसभा में इस विषय को प्रमुखता से उठाया गया था। जिसके परिणामस्वरूप यह मांग पूर्ण हो सकी। उन्होंने कहा कि आने वाले दिनों में ग्राम पंचायत रोहिना के आश्रित ग्राम सेम्हराडीह को भी राजस्व ग्राम का दर्जा दिया जाएगा।
उन्होंने कहा कि सुशासन तिहार जनता की समस्याओं को समझने और समाधान करने का अभियान है। विधायक साहू ने कहा कि प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री किसानों, गरीबों और आम नागरिकों की समस्याओं के समाधान के लिए निरंतर प्रयासरत हैं। खाद, पेट्रोल-डीजल एवं रसोई गैस की समस्या पूरी दुनिया में है, लेकिन सरकार किसानों की चिंता दिन-रात कर रही है। उन्होंने किसानों से यूरिया एवं डीएपी का संतुलित उपयोग करने की अपील की। विधायक श्री साहू ने बताया कि प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय द्वारा 18 लाख आवास स्वीकृत किए गए हैं और जिले में आगामी दो वर्षों में लगभग 45 हजार आवासों का निर्माण कार्य जारी है। महतारी वंदन योजना के माध्यम से महिलाओं के खातों में प्रतिमाह राशि सीधे अंतरित की जा रही है, जिससे महिलाओं को आर्थिक मजबूती मिल रही है।
विधायक श्री साहू ने क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों की जानकारी देते हुए बताया कि कोपरा-पोखरा मार्ग का निर्माण कार्य प्रारंभ हो चुका है। सड़क चौड़ीकरण, सिंचाई, शिक्षा एवं व्यापार के क्षेत्र में तेजी से विकास कार्य किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि किरवई में 50 एकड़ पर कृषि महाविद्यालय की स्थापना की जा रही है तथा गरियाबंद में आधुनिक नालंदा परिसर का निर्माण किया जाएगा। साथ ही उन्होंने बोरसी में सीसी रोड निर्माण एवं बस स्टैंड में सार्वजनिक शौचालय निर्माण कराने की घोषणा भी की। अवैध मुरूम एवं रेत खनन पर सख्त कार्रवाई के निर्देश देते हुए उन्होंने कहा कि ग्राम पंचायत की एनओसी के आधार पर आवास एवं अन्य निर्माण कार्यों के लिए रेत उपलब्ध कराने सुविधा हो।
इस अवसर पर कलेक्टर बीएस उइके ने एग्रीस्टेक पंजीयन एवं खाद वितरण व्यवस्था की जानकारी देते हुए कहा कि किसानों को उनकी भूमि के अनुसार खाद उपलब्ध कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि जिन किसानों के पास 2.5 एकड़ भूमि है, उन्हें एक बार तथा 10 एकड़ तक भूमि वाले किसानों को तीन बार खाद उपलब्ध कराया जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि ग्राम पंचायत टेका और कपसीडीह दोनों को पृथक-पृथक राजस्व रिकॉर्ड उपलब्ध कराने की दिशा में कार्य किया जा रहा है। इस दौरान जनपद पंचायत के अध्यक्ष श्रीमती इंद्राणी साहू, जिला पंचायत सदस्य श्रीमती नंदिनी साहू, इंद्रजीत महाड़िक, जनपद पंचायत सदस्य श्रीमती मंजू साहू सहित अनेक जनप्रतिनिधि उपस्थित थे।
शिविर के दौरान महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा 04 गर्भवती महिलाओं की गोदभराई की रस्म अदा की गई। समाज कल्याण विभाग द्वारा एक दिव्यांग महिला को व्हीलचेयर प्रदान की गई। मत्स्य विभाग द्वारा दो हितग्राहियों को मत्स्य जाल एवं दो हितग्राहियों को आइस बॉक्स वितरित किए गए। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीणजन, जनप्रतिनिधि एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
