खेत में लगाई आग बनी आफत, बेकाबू लपटों से खलिहान राख
60 बैलगाड़ी पैरा, कई टन लकड़ी और बैलगाड़ी जलकर खाक, एक जोड़ी बैल गंभीर रूप से झुलसे
महासमुंद। मुख्यालय से लगे ग्राम लाफिनखुर्द में खेत में लगाई गई आग तेज हवाओं के चलते बेकाबू हो गई और दूसरे किसान के ब्यारे (खलिहान) तक पहुंच गई। इस हादसे में भारी मात्रा में पैरा (पुआल), लकड़ी और बैलगाड़ी जलकर राख हो गई, वहीं एक जोड़ी बैल गंभीर रूप से झुलस गए। पीड़ित किसान ने मामले की शिकायत सिटी कोतवाली में दर्ज कराते हुए दोषियों पर कार्रवाई और नुकसान का मुआवजा दिलाने की मांग की है।
जानकारी के अनुसार ग्राम लाफिनखुर्द निवासी किसान जगदीश साहू ने पुलिस को बताया कि रविवार दोपहर करीब 1 बजे पड़ोसी किसानों दीनू साहू, नरेश साहू, दानवीर साहू और मोतीलाल साहू के खेत में आग लगाई गई थी। उसी दौरान तेज हवाओं के कारण आग तेजी से फैलती चली गई और उनके तथा उनके भाइयों के ब्यारे तक पहुंच गई।
देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और करीब 55 से 60 बैलगाड़ी पैरा, 3 से 4 टन लकड़ी तथा वहां खड़ी एक बैलगाड़ी को अपनी चपेट में ले लिया। आगजनी में पूरा सामान जलकर राख हो गया। वहीं ब्यारे में बंधे एक जोड़ी बैल भी गंभीर रूप से झुलस गए, जिनका उपचार कराया जा रहा है।
घटना के दौरान आसपास के ग्रामीणों ने शोर मचाकर आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन तेज हवाओं के चलते आग पर तुरंत काबू नहीं पाया जा सका। बाद में ग्रामीणों की मदद से काफी मशक्कत के बाद आग बुझाई गई।
पीड़ित किसान जगदीश साहू ने प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कराने, दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई करने तथा हुए नुकसान का उचित मुआवजा दिलाने की मांग की है।
