शिकायत से नाराज आरोपियों ने घर में घुसकर किशोरी से की मारपीट

जान से मारने की धमकी देकर नाबालिग और उसकी नानी से की बदसलूकी
महासमुंद। जिले के सरायपाली थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम छिंदपाली में घर में घुसकर नाबालिग लड़की से मारपीट करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने दो आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार ग्राम छिंदपाली निवासी प्रतिज्ञा तांडी (15 वर्ष) ने शिकायत दर्ज कराई कि 22 मई की दोपहर करीब 12 बजे वह अपनी नानी के साथ घर पर मौजूद थी। इसी दौरान गांव के उत्तरा चौहान और तेजराज चौहान उनके घर में घुस आए।
आरोपियों ने पुरानी शिकायत को लेकर नाराजगी जताते हुए कहा कि “तुम लोग हमारे खिलाफ थाना में शिकायत किए हो” और इसके बाद गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी। विरोध करने पर आरोपियों ने किशोरी और उसकी नानी के साथ मारपीट भी की। मामले की रिपोर्ट पर सरायपाली पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ धारा 115(2), 296, 3(5), 333 एवं 351(2) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।