सुशासन तिहार 2026 : ग्राम लालपुर थाना में आयोजित हुआ समाधान शिविर
उप स्वास्थ्य केन्द्र भवन निर्माण एवं बैगाकापा में आंगनबाड़ी भवन की मिली स्वीकृति
170 से अधिक हितग्राहियों को सामाग्री प्रदान कर किया गया लाभान्वित
रायपुर, 21 मई 2026/मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की मंशानुरूप शासकीय योजनाओं का शत प्रतिशत लाभ सुनिश्चित करने के साथ ही सुशासन को और सशक्त बनाने के उद्देश्य से सुशासन तिहार अंतर्गत समाधान शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। शिविरों के माध्यम से लोगों की समस्याओं का त्वरित निराकरण कर उन्हें शासकीय योजनाओं से जोड़ा जा रहा है। इसी कड़ी में मुंगेली जिले के लोरमी विकासखण्ड के ग्राम लालपुरथाना स्थित शासकीय हाईस्कूल मैदान में समाधान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाकर आमजनों को योजनाओं की जानकारी दी गई। इस दौरान लालपुरथाना क्लस्टर के 29 गॉवों के आमजन शामिल हुए और योजनाओं की जानकारी प्राप्त की। इस दौरान जिला पंचायत सदस्य कुंती जायसवाल सहित स्थानीय जनप्रतिनिधिगण शामिल हुए। अतिथियों ने स्टॉलों का अवलोकन कर आमजनों को पात्रतानुसार लाभान्वित करने के निर्देश दिए। इस दौरान ग्राम लालपुरथाना में उप स्वास्थ्य केन्द्र भवन के लिए 28.51 लाख रूपए और बैगाकापा में आंगनबाड़ी भवन निर्माण के लिए 07 लाख रूपए की स्वीकृति प्रदान की गई।
शिविर में 01 दिव्यांग को मोटराइज्ड ट्रायसायकल और 01 दिव्यांग को व्हील चेयर प्रदान किया गया। साथ ही प्रधानमंत्री आवास योजनांतर्गत 40 हितग्राहियों को आवास की चाबी, स्वच्छ भारत मिशन अंतर्गत 37 हितग्राहियों को स्वीकृति आदेश, 09 हितग्राहियों को सामाजिक सुरक्षा पेंशन अंतर्गत स्वीकृति प्रमाण पत्र, 20 हितग्राहियों को चक्रीय निधि एवं सामुदायिक निवेश कोष अंतर्गत चेक, 10 किसानों को केसीसी के तहत चेक, 10 हितग्राहियों को राशनकार्ड, 05 को नोनी सुरक्षा योजना प्रमाण पत्र, 03 को विद्यारंभ योजना प्रमाण पत्र, 04 को सुपोषण टोकरी, 10 श्रमिकों को पंजीयन प्रमाण पत्र, 05 को मनरेगा जॉब कार्ड, 01 को आईस बॉक्स व 01 को मत्स्य जाल, 02 आयुष्मान व 02 वय वंदना कार्ड, 02 को आभा कार्ड प्रदान कर लाभान्वित किया गया। इस दौरान संबंधित अधिकारी और बड़ी संख्या में आमजन मौजूद रहे। कार्यक्रम के समापन में नशामुक्त भारत अभियान के तहत आमजनों को नशे से दूर रहने की शपथ दिलाई गई।
सुशासन तिहार के अंतर्गत आमजनों से प्राप्त आवेदनों का गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ निराकरण किया गया। शासन की मंशा के अनुरूप प्रशासनिक अमले ने गांव-गांव पहुंचकर लोगों की समस्याएं सुनीं और समयबद्ध कार्यवाही सुनिश्चित की। इसी का परिणाम है कि मुंगेली जिला पूरे प्रदेश में अग्रणी बनकर उभरा है।
