सुशासन तिहार 2026: देववाडवी क्लस्टर में जन समस्या निवारण शिविर, 946 आवेदन प्राप्त

जल संचयन थीम के साथ देववाडवी में लगा जन समस्या निवारण शिविर, ग्रामीणों को मिला योजनाओं का लाभ
मोहला 20 मई 2026। सुशासन तिहार 2026 के अंतर्गत 20 मई को जनपद पंचायत अंबागढ़ चौकी के ग्राम पंचायत देववाडवी में जन समस्या निवारण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का उद्देश्य आम नागरिकों की समस्याओं एवं मांगों को सुनकर उनका त्वरित निराकरण करना तथा शासन की योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना रहा। शासन-प्रशासन गांव की ओर पहुंचकर लोगों को विभिन्न शासकीय योजनाओं की जानकारी प्रदान कर रहा है, जिससे आम नागरिक सीधे प्रशासन से जुड़ सकें और अपनी समस्याओं का समाधान प्राप्त कर सकें।
देववाडवी क्लस्टर अंतर्गत ग्राम पंचायत देववाडवी, अरजकुंड, भर्रीटोला, कौड़ीकसा, देवरसुर, मुरेठीटोला, तारमटोला, नीचेकोहड़ा, कुदुरघोड़ा एवं दोडके सहित कुल 10 ग्राम पंचायतों के ग्रामीण बड़ी संख्या में शिविर में शामिल हुए। शिविर में ग्रामीणों ने अपनी समस्याएं एवं मांगें से संबंधित कुल 946 आवेदन विभागों के समक्ष रखीं, जिनके निराकरण हेतु अधिकारियों द्वारा आवश्यक कार्रवाई की गई।
क्लस्टर देववाडवी में आयोजित जन समस्या निवारण शिविर की विशेष थीम “जल संचयन एवं जनभागीदारी” रही। इस अवसर पर उपस्थित जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कर्मचारियों एवं ग्रामीणों ने जल संरक्षण एवं जल संचयन को बढ़ावा देने की शपथ ली। शिविर में सांस्कृतिक दल द्वारा जल संरक्षण विषय पर नाटक एवं जनजागरूकता प्रस्तुति दी गई, जिसके माध्यम से ग्रामीणों को जल बचाने, वर्षा जल संग्रहण करने तथा जल स्रोतों के संरक्षण के प्रति जागरूक किया गया।
शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाकर आम जनता को विभागीय योजनाओं की विस्तृत जानकारी प्रदान की गई। साथ ही पात्र हितग्राहियों को विभिन्न योजनाओं के अंतर्गत सामग्री वितरण, प्रमाण पत्र, सहायता राशि एवं अन्य लाभ प्रदान किए गए। स्वास्थ्य, कृषि, महिला एवं बाल विकास, शिक्षा, पंचायत एवं ग्रामीण विकास, समाज कल्याण सहित अन्य विभागों ने योजनाओं की जानकारी देकर ग्रामीणों को लाभान्वित किया।
इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती नम्रता सिंह ने उपस्थित ग्रामीणों को संबोधित करते हुए कहा कि सुशासन तिहार का उद्देश्य शासन और जनता के बीच की दूरी को समाप्त कर लोगों की समस्याओं का समाधान गांव स्तर पर ही सुनिश्चित करना है। उन्होंने कहा कि शासन की मंशा है कि प्रत्येक जरूरतमंद व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पारदर्शिता एवं सरल प्रक्रिया के माध्यम से पहुंचे। उन्होंने ग्रामीणों से शासन की योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ लेने तथा जनहितकारी कार्यक्रमों में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की। इस अवसर पर जनपद अध्यक्ष । पुनऊराम फुलकावरे, जिला पंचायत सदस्य श्रीमती सविता सोरी, सदस्य श्रीमती सुरेखा मांडवी, सदस्य शत्रुघ्न चुरेंद्र , कलेक्टर श्रीमती तुलिका प्रजापति, सीईओ जिला पंचायत श्रीमती भारती चंद्राकर, अपर कलेक्टर जीआर मरकाम सहित स्थानीय सभी जनप्रतिनिध, सभी ग्राम पंचायत के सरपंच, अधिकारी-कर्मचारी, बड़ी संख्या में आम नागरिक उपस्थित रहे।