47 किलो गांजा और 32 लाख से अधिक की संपत्ति जब्त
दो अंतर्राज्यीय तस्कर गिरफ्तार, कार छोड़कर फरार हुए आरोपी की तलाश जारी
महासमुंद। एंटी नारकोटिक टास्क फोर्स और कोमाखान पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में तीन अलग-अलग प्रकरणों में कुल 47 किलो 190 ग्राम गांजा जब्त किया गया है। जब्त गांजा की कीमत लगभग 23 लाख 59 हजार 500 रुपये आंकी गई है। वहीं तस्करी में प्रयुक्त कार, दो मोटरसाइकिल और मोबाइल फोन सहित कुल 32 लाख 45 हजार 500 रुपये की संपत्ति जब्त की गई है।
पुलिस ने दो अंतर्राज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक कार चालक और उसका साथी मौके से फरार हो गए, जिनकी तलाश जारी है। पुलिस के अनुसार तस्कर ओडिशा के पटनागढ़ क्षेत्र से गांजा खरीदकर बागबाहरा और रायपुर क्षेत्र में छोटी-छोटी पुड़ियों में बेचने की तैयारी में थे।
पुलिस के अनुसार जिले में मादक पदार्थों की तस्करी, परिवहन और बिक्री पर प्रभावी कार्रवाई के लिए लगातार चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। इसी दौरान यह कार्रवाई की गई। चेकिंग के दौरान पुलिस ने ओडिशा से छत्तीसगढ़ की ओर आ रहे लाल-काले रंग की मोटरसाइकिल सवार युवक को रोककर पूछताछ की। आरोपी ने अपना नाम राजकुमार उर्फ राजू देवांगन निवासी साल्हेभाठा थाना कोमाखान बताया। तलाशी लेने पर उसके पास मौजूद कपड़े के बैग से 10 किलो 190 ग्राम गांजा बरामद हुआ। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह गांजा पटनागढ़ जिला बलांगीर (ओडिशा) से खरीदकर बागबाहरा क्षेत्र में बेचने के लिए ला रहा था। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। इसी तरह
ग्राम कसेकेरा गौठान के पास पुलिस ने काले रंग की बजाज पल्सर मोटरसाइकिल को रोककर जांच की। बाइक सवार ने अपना नाम सुशांत बाग निवासी नेहेनाबंद थाना पटनागढ़ जिला बलांगीर (ओडिशा) बताया। उसके पास रखी सफेद प्लास्टिक बोरी की तलाशी लेने पर 7 किलो गांजा बरामद हुआ। आरोपी ने बताया कि वह गांजा रायपुर में ग्राहक तलाशकर बेचने ले जा रहा था।
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई की है।
तीसरे मामले में पुलिस ने ओडिशा से छत्तीसगढ़ की ओर आ रही सफेद रंग की मारुति डिजायर कार को रोकने का प्रयास किया। पुलिस को देखकर कार सवार आरोपी वाहन को तेज गति से भगाते हुए रेलवे क्रॉसिंग कोमाखान के पास निर्माणाधीन अंडरब्रिज तक पहुंचे और वहां कार छोड़कर फरार हो गए। पुलिस ने कार की तलाशी ली तो डिक्की से 30 किलो गांजा बरामद हुआ। मामले में फरार चालक और उसके साथी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी)(II)(सी) और 29 के तहत अपराध दर्ज किया गया है।
